चीन में फैले कोरोना वायरस की वजह से कई टूर्नामेंट की मेजबानी दूसरे देशों को दे दी गई। जापान में इस साल जुलाई-अगस्त में ओलंपिक का आयोजन होना है। इसको लेकर जापान के ओलंपिक मंत्री सीको हाशीमोटो ने कहा है कि टोक्यो ओलंपिक के लिए कोरोना वायरस कोई खतरा साबित नहीं होगा। सबकुछ शेड्यूल के मुताबिक ही होगा। कोरोना वायरस से अब तक चीन में 250 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। छह हजार से ज्यादा मरीजों का इलाज चल रहा है। वहीं, जापान में भी कोरोना वायरस से प्रभावित 17 लोगों की पहचान हुई है।
कैबिनेट बैठक के बाद हाशीमोटो ने कहा कि मैं जानता हूं लोग काफी चिंतित हैं, लेकिन उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है। हम इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी (आईओसी) समेत अन्य संबंधित संस्थानों के साथ बातचीत कर रहे हैं। ओलंपिक गेम्स को सफल बनाने के लिए हर बेहतर काम किए जा रहे हैं।