जापान के चार बास्केटबॉल खिलाड़ियों को टीम जर्सी में पैसा देकर महिलाओं से संबंध बनाने पर वापस घर भेज दिया गया है। एशियाई खेलों में सबसे बड़ा दल लाने वाले जापान के चेफ डि मिशन यासुहिरो यामाशिता सोमवार को मीडिया सेंटर आकर न सिर्फ इसका खुलासाकिया बल्कि सार्वजनिक रूप से सिर झुकाकर इसके लिए माफी मांगी। चारों जापानी खिलाड़ियों को खुद के खर्च पर जापान रवाना किया गया है।
यामाशिता ने कहा कि वह खिलाड़ियों के इस कार्य के लिए बेहद शर्मिंदगी महसूस कर रहे हैं। वह इसके लिए गहराई से माफी मांगते हैं और भरोसा दिलाते हैं कि अब से खिलाड़ियों को इस बारे में दिशा निर्देश जारी किए जाएंगे। दरअसल बृहस्पतिवार को कतार के खिलाफ मैच जीतने के बाद बास्केटबालर ताकूया हाशीमोतो, कीता इमामूरा, यूया नागायोशी और ताकूमा सातो जापानी बोलने वाले एक स्थानीय से मिले जो उन्हें बार लेकर गया।
दो घंटे बार में बिताने के बाद चारों खिलाड़ी चार महिलाओं के साथ एक होटल में चले गए। जहां वे सुबह तक रहे। इस दौरान चारों खिलाड़ी टीम जर्सी में थे। यामाशिता का कहना है कि खिलाड़ी समाज के साथ किसी भी अवसर और आयोजन लिए रोल मॉडल होते हैं। उन्हें यह ध्यान रखना चाहिए।