फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ISSF World Cup: अर्जेंटीना विश्व कप में सिफ्त ने भारत को दिलाया पहला स्वर्ण, पदक तालिका में अभी शीर्ष पर चीन

Sat, 05 Apr 2025 01:26 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

सिफ्त 45 शॉट के फाइनल के बाद 458.6 अंकों के साथ पहले स्थान पर रही, जबकि मैंगोल्ड उनसे 3.3 अंक पीछे 455.3 अंक बनाकर दूसरे स्थान पर रही।
विज्ञापन
सिफ्त कौर - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय निशानेबाज सिफ्त कौर समरा ने अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स में चल रहे निशानेबाजी विश्व कप में महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन (3पी) के फाइनल में पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करके स्वर्ण पदक जीता। यह आईएसएसएफ विश्व कप में उनका पहला व्यक्तिगत स्वर्ण पदक है। वहीं, यह अर्जेंटीना विश्व कप में भारत का पहला स्वर्ण पदक भी है। भारत प्रतियोगिता के पहले दिन कोई पदक नहीं जीत पाया था, लेकिन अब उसके नाम पर एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक है और वह पदक तालिका में दूसरे स्थान पर है। भारत के लिए कांस्य पदक पुरुष थ्री पोजिशन में चैन सिंह ने जीता था। चीन एक स्वर्ण और एक रजत के साथ शीर्ष पर है।
विज्ञापन

फरीदकोट की रहने वाली हैं सिफ्त कौर
फरीदकोट की रहने वाली 23 वर्षीय सिफ्त ने शुक्रवार देर रात टिरो फेडरल अर्जेंटीनो डी ब्यूनस आयर्स शूटिंग रेंज में सत्र के पहले विश्व कप में भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाया। विश्व रिकॉर्ड धारक सिफ्त नीलिंग पोजीशन में 15 शॉट के बाद जर्मनी की अनीता मैंगोल्ड से 7.2 अंक पीछे थी। उन्होंने हालांकि इसके बाद प्रोन और स्टैंडिंग पोजीशन में स्वप्निल वापसी करके पहला स्थान हासिल किया।

सिफ्त ने 458.6 का स्कोर बनाया
सिफ्त 45 शॉट के फाइनल के बाद 458.6 अंकों के साथ पहले स्थान पर रही, जबकि मैंगोल्ड उनसे 3.3 अंक पीछे 455.3 अंक बनाकर दूसरे स्थान पर रही। कजाकिस्तान की जूनियर विश्व चैंपियनशिप की पदक विजेता अरीना अल्तुखोवा 445.9 के स्कोर के साथ 44वें शॉट के बाद बाहर होकर तीसरे स्थान पर रहीं। सिफ्त ने क्वालिफाइंग में 590 का स्कोर बनाकर पहले स्थान पर रहते हुए फाइनल में प्रवेश किया था। स्विट्जरलैंड की मौजूदा ओलंपिक चैंपियन चियारा लियोन और पूर्व ओलंपिक चैंपियन नीना क्रिस्टन शीर्ष आठ में जगह नहीं बना सकीं।

ये भी पदक की दौड़ में
कजाकिस्तान की एलेक्जेंड्रिया ले और अमेरिका की मैरी टकर जैसी ओलंपिक पदक विजेता भी क्वालिफाइंग की बाधा पार नहीं कर सकी। पुरुषों और महिलाओं की स्कीट प्रतियोगिताओं में क्वालिफिकेशन के चार राउंड खेले गए हैं जिसमें पेरिस ओलंपियन रायज़ा ढिल्लों भारतीय खिलाड़ियों में सबसे आगे हैं। अभी इस स्पर्धा का एक और राउंड खेला जाना बाकी है जिसके बाद फाइनल होगा।

रायजा क्रमशः 25, 22, 24 और 23 राउंड के बाद 94 अंकों के साथ छठे स्थान पर हैं, जो कि अंतिम क्वालिफाइंग स्थान है। गनीमत सेखों 92 के साथ 11वें, जबकि दर्शना राठौड़ (89) 18वें स्थान पर हैं। पुरुषों की स्कीट में भवतेग गिल ने 94 का स्कोर किया और वह 18वें स्थान पर हैं। उनके अलावा अनंत जीत सिंह नरुका ने 93 और गुरजोत खंगुरा ने 91 का स्कोर किया है।

चैन सिंह ने 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन में कांस्य पदक जीता
इससे पहले एशियाई खेलों के पदक विजेता निशानेबाज चैन सिंह ने अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स में पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री-पोजीशन स्पर्धा में कांस्य जीतकर भारत को पहला पदक दिलाया था। हंगरी के इस्तवान पेनी ने स्वर्ण (461.0) जीता। यह आईएसएसएफ विश्व कप में उनका सातवां शीर्ष खिताब है। चीन के तियान जियामिंग (458.8) ने रजत, जबकि चैन ने 443.7 अंक हासिल कर कांस्य पदक जीता।

ऐश्वर्य और नीरज पदक से चूके
इससे पहले दो बार के ओलंपियन ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, नीरज कुमार और रियो ओलंपियन चैन ने फाइनल के लिए क्वालिफाई किया था। ऐश्वर्य ने क्वालिफिकेशन दौर में अनुभवी चैन (तीसरा स्थान) को पछाड़कर दूसरा स्थान हासिल किया था। दोनों ने 589 के बराबर स्कोर बनाया, लेकिन ऐश्वर्य ने केंद्र के करीब ज्यादा निशाना के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। नीरज 587 के साथ पांचवें स्थान पर रहे।

नीरज ने फाइनल में जोरदार शुरुआत की और ‘नीलिंग’ पोजीशन में पहले पांच शॉट के बाद दूसरे स्थान पर रहे, लेकिन वह लय बनाये रखने में सफल नहीं रहे। ऐश्वर्य और चैन ने हालांकि आगे बढ़ना जारी रखा। ‘नीलिंग’ पोजीशन के बाद पांचवें और छठे स्थान पर रहने वाली भारतीय जोड़ी ‘प्रोन’ चरण में शानदार प्रदर्शन के बाद तीसरे और चौथे स्थान पर पहुंच गई। उन्होंने अंतिम ‘स्टैंडिंग’ पोजीशन में मजबूती से पकड़ बनाए रखी और चैन ने भारत के लिए पदक पक्का कर दिया। ऐश्वर्य अपने 41वें शॉट में 7.8 के स्कोर के बाद पदक से चूक गए, जबकि पेनी और तियान क्रमशः स्वर्ण और रजत के लिए मुकाबला तय कर लिया। यह चैन का तीन वर्षों में आईएसएसएफ का पहला पदक था।
विज्ञापन

महिलाओं में ऐसा रहा हाल
महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल क्वालिफायर में दो बार की ओलंपिक कांस्य पदक विजेता मनु भाकर ने 300 में से 291 अंक बनाये। वह ‘प्रिसिशन’ दौर के बाद चौथे स्थान पर रहीं। हमवतन सिमरनप्रीत कौर बरार भी क्वालिफाइंग पोजीशन में थीं, जिन्होंने 290 का स्कोर बनाया और छठे स्थान पर रहीं। ईशा सिंह ने 285 का स्कोर बनाया और 12वें स्थान पर रहीं। ओलंपियन स्कीट शूटर रायजा ढिल्लों तीन दौर के बाद 71 के स्कोर के साथ सातवें स्थान पर है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें