निशानेबाज अभिषेक वर्मा ने अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (आईएसएसएफ) विश्व कप में शनिवार को यहां 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने के साथ भारत के लिए पांचवां ओलंपिक कोटा हासिल किया।
अपना पहला आईएसएसएफ विश्व कप फाइनल खेल रहे वर्मा शुुरुआत से लेकर अंत तक बढ़त पर रहे और 242.7 स्कोर किया। आठ खिलाड़ियों के फाइनल में रूस के आर्तेम चेर्नोउसोव को 240.4 अंक के साथ रजत पदक मिला जबकि कोरिया के सेयुनंगवू हान को 220.0 अंक केसाथ कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। इससे पहले अंजुम मोदगिल और अपूर्वी चंदेला (10 मीटर एयर राइफल महिला), सौरभ चौधरी (10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष) और राजस्थान के 17 वर्षीय युवा निशानेबाज दिव्यांश सिंह पंवार 2020 टोक्यो ओलंपिक का कोटा हासिल कर चुके हैं।
वर्मा ने इससे पहले नई दिल्ली में हुए विश्व कप में पदार्पण किया था लेकिन वह घरेलू प्रतियोगिता में फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर सके थे। फाइनल में उनके सामने चीन के पूर्व ओलंपिक चैंपियन चीन के पेंग वी, दुनिया के दूसरे नंबर के रूस के आर्तेम और विश्व कप में कई पदक जीत चुके यूक्रेन के ओलेह ओमेलचक थे लेकिन अभिषेक इसके बावजूद जरा भी दबाव में नहीं आए।
वकील से निशानेबाज बने वर्मा
एशियाई खेलों में 10 मीटर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाले अभिषेक वकील से निशानेबाज बने हैं। उनके पिता जज हैं। एक साल के अंदर यह उनका चौथा फाइनल और तीसरा पदक था। शनिवार को मुकाबले में वह फाइनल में पहुंचने वाले एकमात्र भारतीय रहे। अभिषेक ने 585 अंक हासिल कर चौथे स्थान पर रहकर फाइनल के लिए क्वालिफाई किया था। फाइनल में पहुंचने वाले वह एकमात्र भारतीय रहे। इस स्पर्धा में शहजर रिजवी और अर्जुन सिंह क्रमश: 32वें और 54वें स्थान पर रहे।
मनु भाकर 14वें स्थान पर पिछड़ीं
महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में मनु भाकर 14वें स्थान केसाथ सर्वश्रेष्ठ भारतीय रहीं। उन्होंने 291 अंक बनाए और विजेता से चार अंक पीछे रहीं। एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता राही सरनोबत 288 अंक के साथ 29वें और चिंकी यादव 284 अंक के साथ 57वें स्थान पर रहीं।
रास आ रहा है सौरभ का संग
सौरभ (चौधरी) मेरे रूम पार्टनर हैं। हम दोनों एक-दूसरे के साथ अपना अनुभव बांटते हैं। हम दोनों ही अपना श्रेष्ठ देने का प्रयत्न करते हैं। (मेरठ के 16 वर्षीय सौरभ चौधरी विश्व कप, विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतने के साथ ओलंपिक कोटा भी दिला चुके हैं।)