विश्व कप में दांव पर लगे 14 ओलंपिक कोटा में से भारतीय शूटर सिर्फ एक को ही हासिल कर सके। मंगलवार को 10 मीटर एयर पिस्टल में मनु भाकर, हीना सिद्धू से बड़े कारनामे की उम्मीद थी, लेकिन दोनों ही शूटर फाइनल तक में जगह नहीं बना सके।
25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल में अनीश भानवाला फाइनल में पहुंचे, लेकिन ओलंपिक चैंपियन क्रिस्टियन रीट्ज की बेहतरीन शूटिंग के बीच वह पांचवें स्थान पर रहे। हंगरी की वेरोनिका मेजर ने 25 मीटर पिस्टल के बाद 10 मीटर एयर पिस्टल का भी स्वर्ण अपने नाम किया।
हालांकि अनीश ने क्वालिफाइंग राउंड में 588 का स्कोर कर राष्ट्रीय कीर्तिमान बनाया। टारगेट में शार्ट सर्किट के चलते रैपिड फायर इवेंट 20 मिनट देर से भी शुरू हुआ। यही वही इवेंट है जिसमें पाकिस्तानी शूटरों को वीजा नहीं दिए जाने के चलते दो ओलंपिक कोटा ले लिए गए थे। हालांकि एनआरएआई ने इस इवेंट में स्वर्ण, रजत, कांस्य जीतने वाले शूटरों का यहां आने पर हुआ सारा खर्च माफ कर अपने ऊपर ले लिया।
10 मीटर एयर पिस्टल में मनु भाकर 573 का स्कोर कर 14वें, अनुराधा 571 के स्कोर के साथ 22वें और हीना सिद्धू इतने ही स्कोर के साथ 25वें स्थान पर रहीं। 50 मीटर थ्री पोजीशन में एन गायत्री 1163 के स्कोर के साथ 36वें और सुनिधि चौहान 1156 के स्कोर पर 49वें स्थान पर रहीं।