भारत की अपूर्वी चंदेला ने शनिवार को यहां आईएसएसएफ विश्व कप की महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
भारतीय निशानेबाज ने डॉ कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में प्रतियोगिता के पहले दिन 252.9 अंक के शानदार स्कोर से पहला स्थान हासिल किया। चीन की रूओझू झाओ ने 251.8 के स्केार से रजत पदक जबकि चीन की एक अन्य निशानेबाज जु होंग (230.4) ने टूर्नामेंट के पहले फाइनल का कांस्य पदक जीता।
अपूर्वी आठ महिलाओं के फाइनल में रजत पदकधारी निशानेबाज से 1.1 अंक आगे रहीं, जिससे उनके दबदबे का अंदाजा लगाया जा सकता है। पिछली विश्व विश्व चैम्पियनशिप में टोक्यो ओलंपिक कोटा हासिल करने वाली अपूर्वी क्वालीफिकेशन में 629.3 अंक से चौथे स्थान पर थीं।
स्वर्ण पदक जीतने बाद अपूर्वी ने अपना गोल्ड मेडल पुलवमा आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों के परिवारों को समर्पित किया है। उन्होंने कहा, मैं अपने इस गोल्ड मेडल को पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों के परिवारों को समर्पित करती हूं।'