विश्वकप जीत के सबसे बड़े दावेदारों में से एक माने जा रहे ईरान ने विश्वकप में अपने दूसरे मैच में जीत हासिल कर पहले स्थान पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। थाइलैंड के खिलाफ अपने दूसरे लीग मैच के पहले हाफ में ईरान ने थाइलैंड को केवल 7 अंक लेने दिए। जिसमें 5 अंक रेड से और 2 टैकल प्वाइंट थे। लेकिन ईरान ने 15 अंक रेड से और 12 अंक टैकल से हासिल किए। वहीं थाइलैंड को तीन बार ऑल आउट कर 6 बोनस अंक हासिल किए। पहले हाफ में मैच 34-7 पर खत्म हुआ।
दूसरे हाफ में भी ईरान ने अपना दबदबा बनाए रखा और थाइलैंड को ज्यादा प्वाइंट्स स्कोर नहीं करने दिए, लेकिन थाइलैंड का प्रदर्शन दूसरे हाफ में पहले हाफ से बेहतर रहा। पूरे मैच में 6 बार ऑलआउट होने वाला थाइलैंड दूसरे हाफ में एक बार ईरान को ऑलआउट करने में सफल हुआ। थाइलैंड ने दूसरे हाफ में 16 अंक हासिल किए।
मैच में ईरान ने 41 अंकों के अंतर से थाइलैंड को मात दी। अंत में स्कोर 64-23 रहा। यह विश्वकप की अबतक की सबसे बड़ी जीत है। ईरान ने अपने पहले मैच में अमेरिका को 35 अंक के अंतर से मात दी थी। इसके साथ ही ईरान ने ग्रुप बी में अपनी स्थिति मजबूत हो गई है। ईरान के दो मैचों में 10 अंक हो गए हैं। वहीं ईरान के पास स्कोर अंतर 78 अंकों का हो गया है। ऐसे में उसे ग्रुप बी में और कोई टीम चुनौती देती नहीं दिखाई नहीं दे रही है।