दक्षिण एशियाई खेलों में भाग लेने वाले दल में भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने खुद बड़ी कटौती कर दी है। नेपाल के काठमांडू और पोखरा में एक दिसंबर से शुरू हो रहे इन खेलों के लिए खेल मंत्रालय को पहले मंजूरी के लिए 776 का भारी भरकम दल भेजा गया था। अब आईओए ने 620 के दल की मंजूरी मांगी है, जिसमें 467 खिलाड़ी हैं। वहीं खेल मंत्रालय ने टीम मैनेजरों का खर्च उठाने से इनकार कर दिया है। उन्हें अपने खर्च पर जाने के लिए कहा गया है। तीरंदाजी टीम के इन खेलों में भाग लेने पर बात नहीं बन पाई है। वहीं आईओए का दावा है कि ताइक्वांडो टीम के भाग लेने का रास्ता साफ हो गया, जबकि कराटे टीम को खेल संघ के विवादों के चलते रोक दिया गया है।