खेल मंत्रालय का एशियाई खेलों में भारतीय दल को लेकर मंत्रणा जारी है और इस तरह दल की घोषणा पर संदेह बरकरार है। एशियाई खेल जकार्ता और पालेमबैंग में होगा, जिसकी शुरुआत में 10 दिन से भी कम समय बचा है, लेकिन भारतीय दल की आधिकारिक घोषणा होना बाकी है।
कई बदलव और छंटनी के बाद भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने सोमवार को 575 एथलीट्स और 213 अधिकारियों की सूची खेल मंत्रालय को सौंपी है। मंत्रालय को इस संबंध में अंतिम फैसला करना है और अंतिम आधिकारिक सूची को लेकर उसका विचार विमर्श जारी है।
खेल मंत्रालय के एक सूत्र ने कहा, 'दल की अंतिम सूची देने में एक या दो दिन का समय लग सकता है।' आईओए ने 10 अगस्त को एशियाई खेलों के दल का विदाई समारोह रखा है और ऐसी संभावना है कि खेल मंत्रालय तब तक अधिकारिक सूची की घोषणा कर देगा। जानकारी मिली है कि मंत्रालय राजकुमार साचेती का नाम भारतीय दल के 4 सहायक दल प्रमुख में से एक के रूप में करने से खुश नहीं है।
2013 में मुख्य सतर्कता आयुक्त ने 2010 राष्ट्रमंडल खेलों के भ्रष्टाचार घोटाले में साचेती के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज करने की सिफारिश की थी। वह 2010 राष्ट्रमंडल खेलों की आयोजन समिति में संयुक्त महानिदेशक थे। वह आईओए के पूर्व अध्यक्ष और 2010 राष्ट्रमंडल आयोजन समिति के प्रमुख सुरेश कलमाड़ी के सहायकों में से एक थे, जिन्हें जेल जाना पड़ा और फिलहाल जमानत पर बाहर हैं।