ज्योति सुरेखा वेनम, मुस्कान किरार और राज कौर की भारतीय महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए तुर्की को तीन अंकों से हराकर विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक अपने नाम किया।
भारतीय टीम की जीत में एशियाई खेलों की रजत पदक विजेता ज्योति ने अहम भूमिका निभाई। खराब शुरुआत के बाद उन्होंने 8 में से 6 परफेक्ट-10 के निशाने लगाए जिससे भारत यह मुकाबला 229-226 से जीतने में कामयाब रहा।
मुकाबले के पहले दौर में भारतीय टीम 55-57 से पिछड़ रही थी। दूसरे दौर में ज्योति ने लय हासिल की और भारत 58-53 से आगे हो गया। तीसरे दौर में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली और स्कोर 58-58 का रहा। भारतीय टीम ने चौथे दौर में भी 58 का स्कोर किया जबकि तुर्की की टीम 57 अंक ही हासिल कर सकी।
विश्व चैंपियनशिप में भारतीय पुरुष रिकर्व पहली बार स्वर्ण पदक जीतने के इरादे से उतरेगी। 14 वर्षों के बाद फाइनल में पहुंची भारतीय टीम के सामने रविवार को खेले जाने वाले मुकाबले में चीन की चुनौती होगी।