भारत के राइफल और पिस्टल निशानेबाजों की निगाह बुधवार से शुरू हो रहे साल के चौथे विश्व कप से टोक्यो ओलंपिक के लिए और अधिक कोटा हासिल करने पर होगी। आठ स्पर्धाओं में से 16 कोटे हासिल किए जा सकते हैं। भारतीय निशानेबाज सात ओलंपिक कोटे हासिल कर चुके हैं। पहले दिन दुनिया की नंबर एक और नंबर दो निशानेबाज अपूर्वी चंदेला और अंजुम मौदगिल 10 मीटर एयर राइफल में अपना दमखम दिखाएंगी। दोनों ने हालांकि पहले ही इस स्पर्धा का ओलंपिक कोटा हासिल कर लिया है। इसके अलावा पहले दिन पुरुषों के 10 मीटर एयर पिस्टल का मुकाबला भी होगा। उदयीमान युवा निशानेबाज इलावेनिल वालारिवान के प्रदर्शन पर भी नजरें होगी जिन्होंने जूनियर खिलाड़ी के तौर पर सभी प्रतियोगिताओं में जीत दर्ज की है। सीनियर प्रतियोगिता में यह उनका पहला साल है। छह दिन तक चलने वाली चैंपियनशिप में 34 सदस्यीय भारतीय दल भाग लेगा जिसमें नौ निशानेबाज टूर्नामेंट से इतर एमक्यूएस (न्यूनतम क्वालिफिकेशन स्कोर) वर्ग में हिस्सा लेंगे।