आईओए महासचिव राजीव मेहता ने रविवार को कहा, 'यह गंभीर मसला है और आईओए की जीबीएम गहराई से चर्चा करेगी। हम इस संबंध में पहले ही खेल मंत्रालय को पत्र लिख चुके हैं। जीबीएम में चर्चा होगी कि किस तरह की कार्रवाई की जरूरत होगी। अगर यह मुद्दा नहीं सुलझा तो आईओसी भारत के खिलाफ कार्रवाई कर सकता है।'
जीबीएम के दौरान एक वरिष्ठ उपाध्यक्ष और एक उपाध्यक्ष का भी चुनाव होगा। आईओए ने अगस्त में अपने संविधान में संशोधन किया था जिसके अंतर्गत वरिष्ठ उपाध्यक्ष की संख्या मौजूदा एक से बढ़ाकर दो तथा उपाध्यक्ष की संख्या मौजूदा आठ से नौ कर दी गयी।
आईओए कोषाध्यक्ष अनिल खन्ना का नाम वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार के रूप में आगे चल रहा है जिन्होंने पिछले साल दिसंबर में हुए चुनावों में मौजूदा अध्यक्ष नरिंदर बत्रा के खिलाफ अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली थी।
आर के आनंद मौजूदा कार्यकारी परिषद में एकमात्र वरिष्ठ उपाध्यक्ष हैं। दोनों पदों के लिये नामांकन की अंतिम तारीख चार दिसंबर है। 13 दिसंबर को छंटनी के बाद उम्मीदवारों की सूची की घोषणा की जायेगी। सेवानिवृत्त जिला न्यायाधीश देवेंद्र कुमार नालीवाल निर्वाचन अधिकारी होंगे। बत्रा के आईओए प्रमुख बनने के बाद यह पहली सालाना जीबीएम होगी।