खेल मंत्री किरन रिजीजू की ओर से इस माह के अंत में ओलंपिक की तैयारियां शुरू कराए जाने की घोषणा के बाद भारतीय ओलंपिक संघ ने सभी राष्ट्रीय खेल संघों से तैयारियों का खाका खीचने को कहा है। आईओए के अध्यक्ष नरेंदर बत्रा ने राष्ट्रीय खेल संघों से फीडबैक देने को कहा है कि कोविड 19 के दौर में सुरक्षात्मक माहौल के अंदर तैयारियां किस तरह शुरू हो सकती हैं।
बत्रा ने यह भी साफ किया कि तैयारियां सरकार की ओर से जारी दिशा निर्देशों के तहत होनी हैं। उससे बाहर नहीं जाया जा सकता है। खेल संघों की ओर से दिए गए फीड बैक को खेल मंत्रालय के साथ साझा किया जाएगा। इसके अनुसार ही ओलंपिक की तैयारियां शुरू करने को दिशा निर्देश तैयार किए जाएंगे। खेल मंत्री ने फिलहाल सबसे पहले इस वक्त एनआईएस पटियाला और बंगलूरू में मौजूद एथलेटिक्स, हॉकी, वेटलिफ्टिंग के खिलाड़ियों की ट्रेनिंग शुरू कराने को कहा है। इसके बाद अन्य खेलों की तैयारियां शुरू की जाएंगी। बीते 23 माच से ये खिलाड़ी एनआईएस के कमरों में हैं। खिलाड़ी लगातार ट्रेनिंग की मांग कर रहे हैं, लेकिन उन्हें इजाजत नहीं दी गई है।