भारतीय पुरुष और महिला वालीबॉल टीमों ने लगातार गेम में जीत हासिल कर 13वें दक्षिण एशियाई खेलों (सैग) के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। पुरुष टीम मेजबान नेपाल को 25-15, 25-13, 25-16 से हराकर ग्रुप ए में शीर्ष पर रही। महिलाओं ने बांग्लादेश को 25-8, 25-11, 25-9 से मात दी।
महिलाओं का सामना अब शनिवार को मालदीव से होगा। इन खेलों का अधिकारिक उद्घाटन समारोह रविवार को होगा लेकिन कुछ खेल स्पर्धाएं पहले ही शुरू हो गई हैं। समापन समारोह दस दिसंबर को होगा। इन खेलों में 2700 एथलीट 26 स्पर्धाओं में दांव पर लगे 1119 (319 स्वर्ण) पदकों के लिए चुनौती पेश करेंगे। भारत के 499 खिलाड़ी इनमें भाग लेंगे।