भारतीय पुरुष और महिला मुक्केबाजों के लिए यह साल (2019) काफी व्यस्त है। उन्होंने साल के पहले तीन महीने में बुल्गारिया और फिनलैंड में टूर्नामेंटों में भाग लिया और फिर अप्रैल में एशियाई चैंपियनशिप हुई। इसके बाद जुलाई-अगस्त के महीने में टीम कजाखस्तान, फिलिपींस और रूस में व्यस्त रहेंगे। सितंबर में रूस में ही पुरुष और महिला विश्व चैंपियनशिप होनी है। अक्टूबर में राष्ट्रीय चैंपियनशिप का आयोजन होगा।
भारत की स्टार मुक्केबाज और छह बार की विश्व चैंपियन मैरी कॉम ने कहा कि 'देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने का मतलब है कि आप कड़ी मेहनत और ज्यादा प्रयास करने के लिए तैयार हैं। इस उपलब्धि के लिए सभी प्रशिक्षकों, सपोर्ट स्टाफ और फेडरेशन का शुक्रिया।'
दो महीने पहले इंडिया ओपन में स्वर्ण पदक जीतने वाली मैरीकॉम ने इस प्रतियोगिता में अपनी तैयारियों को आजमाने के इरादे से हिस्सा लिया था। मणिपुर की दिग्गज मुक्केबाज ने मई में थाईलैंड में हुई एशियन चैंपियनशिप में भाग नहीं लिया था। दरअसल 36 वर्षीया मैरीकॉम रूस में सितंबर से होने वाली महिला विश्व चैंपियनशिप को लक्ष्य लेकर चल रही हैं। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने कुछ समय पहले विवादों से घिरे एआईबीए से ओलंपिक दर्जा छीन लिया और अब 2020 टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालिफाइंग और फाइनल टूर्नामेंट का आयोजन करेगा। जिससे रूस में होने वाली विश्व चैंपियनशिप अब ओलंपिक क्वालिफायर भी नहीं है।