एशियन सिल्वर मेडलिस्ट आशीष कुमार (75 किग्रा) ने महाद्वीपीय ओलंपिक क्वालिफायर मुक्केबाजी के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। आशीष अब टोक्यो ओलंपिक की टिकट से एक जीत दूर हैं।
भारतीय मुक्केबाज ने किर्गिस्तान के ओमुरबेक बेकजिगिट को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से पराजित किया। अब सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए आशीष की टक्कर इंडोनेशिया के मिखाइल रॉबर्ड मुसकिता से होगा जिन्होंने न्यूजीलैंड के रेयान स्कीफी को मात दी।
आशीष के अलावा मनीष कौशिक (63 किग्रा) ने चीनी ताइपे के लाई चू-एन को हराकर क्वार्टरफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। अगले दौर में उनका सामना तीसरी वरीय और मंगोलिया के एशियाई खेलों के रजत पदक विजेता चिनजोरिग बातरसुख से होगा। वहीं, सचिन कुमार (81 किग्रा) समोआ के इयापा डी से भिड़ेंगे।
इससे पहले साक्षी चौधरी (57 किग्रा) और सिमरनजीत कौर (60 किग्रा) पहले ही अंतिम आठ में पहुंच चुकी हैं।