विश्वेंद्र सिंह ने 10 हजार मीटर पैदल चाल में 44.09.75 मिनट के समय के साथ चैंपियनशिप रिकॉर्ड कायम किया, जिससे एशियाई युवा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दूसरे दिन शनिवार को भारतीय खिलाड़ियों ने चार स्वर्ण पदक अपने नाम किए। इस स्पर्धा का कांस्य पदक भी भारत के नाम रहा। परमजीत सिंह बिष्ट 44.21.96 मिनट के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
पैदल चाल में पिछला रिकॉर्ड भी भारतीय खिलाड़ी संजय कुमार (45:30.39)के नाम था। भारत के उसैद खान ने पुरूषों के डेकाथलन में शुक्रवार की बढ़त को शनिवार को भी बरकरार रखते हुए 6952 अंक के चैंपियनशिप रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्होंने कुवैत के मोहम्मद अलफेरास (6671 अंक) के रिकॉर्ड को तोड़ा। इस स्पर्धा में भारत के अंसार अली (5943) ने कांस्य पदक हासिल किया।
महिलाओं की लंबी कूद स्पर्धा में तबिता पी.एम ने चौथे प्रयास में 5.86 मीटर की कूद के साथ अपना दूसरा स्वर्ण पदक हासिल किया। भारत की अमब्रिखा नारजारे 5.73 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ कांस्य पदक जीतने में सफल रही। पुरूषों के 400 मीटर दौड में अब्दुल रजाक ने 48.17 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण हासिल किया।
महिलाओं की 100 मीटर स्प्रींट में भारत की अवंतिका संताष नरालेने 11.97 सेकंड के साथ पहले स्थान पर रही। पुरूषों के 2000 मीटर स्टीपल चेज स्पर्धा में भारत के अतुल कुमार ने 6:00.45 मिनट के समय के साथ रजत पदक जीता। भारत दूसरे दिन के बाद सात स्वर्ण, दो रजत और पांच कांस्य पदक के साथ तालिका में पहले स्थान पर है।