भारत और पाकिस्तान के बीच मौजूदा समय में हालात बेहद तनावपूर्ण चल रहे हैं। इसे देखते हुए भारत ने एक स्नूकर टूर्नामेंट को अनिश्चितकाल के लिए रद्द कर दिया है। यह फैसला पाकिस्तानी एथलीटों को वीजा नहीं मिलने के चलते लिया गया है।
दरअसल, दो सप्ताह पहले जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में भारत के 40 जवान एक आतंकी हमले में शहीद हुए, जिसके बाद भारतीय वायुसेना ने मंगलवार की सुबह पाकिस्तान में घुसकर आतंकी संगठन जैश के ठिकानों को तबाह कर दिया। इसके बाद से दोनों देशों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है।
बता दें कि अगले महीने बेंगलुरु में 10 रेड्स एशियन टूर इवेंट का आयोजन होना था, लेकिन इसे रद्द कर दिया गया क्योंकि आयोजकों का मानना है कि वह इस बात की गारंटी नहीं ले सकते कि पाकिस्तानी एथलीटों को इसमें हिस्सा लेने दिया जाएगा या नहीं।
पिछले सप्ताह नई दिल्ली में हुए निशानेबाजी विश्व कप के लिए दो पाकिस्तानी शूटरों को वीजा नहीं मिले थे। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने इस बारे में भारत से बातचीत भी की।
एशियन कंफेडरशन ऑफ बिलियर्ड्स स्पोर्ट के वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न प्रकाशित करने के नाम पर बताया, 'यह टूर्नामेंट भारत के अलावा किसी और जगह स्थानांनरित किया जा सकता है और फिलहाल इसे रद्द कर दिया गया है। प्रत्येक सदस्य की हिस्सेदारी महत्वपूर्ण हैं और वह आयोजक देश की जिम्मेदारी होते हैं।'
कतर और चीन के बाद एशियन टूर का तीसरा टूर्नामेंट बेंगलुरु में होना था। मगर भारतीय बिलियर्ड्स और स्नूकर संघ के सचिव एस सुब्रमण्यम ने कहा कि टूर्नामेंट में भाग ले रहे 24 में से छह प्रतिभागी पाकिस्तान मूल के हैं। उन्होंने कहा, 'हमने एशियाई ईकाई को जानकारी दे दी है कि पाकिस्तानी एथलीटों को वीजा की दिक्कत हो सकती है और इसके चलते उन्होंने टूर्नामेंट रद्द करने का फैसला किया। वो अन्य स्थान की तलाश कर रहे हैं।'
आईओसी ने भी कहा कि व्यक्तिगत खेल संघ भारत को टूर्नामेंट की मेजबानी नहीं सौंपे जब तक वह सभी प्रतिभागियों के वीजा की गारंटी नहीं ले।
कश्मीर हमले के बाद से भारत में रोष की स्थिति बनी हुई है। इसके चलते जून में इंग्लैंड में होने वाले विश्व कप में भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबले को रद्द करने की मांग भी की गई है। पाकिस्तान की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई, लेकिन भारतीय कप्तान विराट कोहली ने कहा कि भारतीय सरकार और बीसीसीआई जो भी फैसला लेगी, वह उसे मानेंगे।