बी. साईं प्रणीत
देश के स्टार शटलर बी साई प्रणीत ने रविवार को थाईलैंड ओपन बैडमिंटन का खिताब अपने नाम कर लिया। तीसरी सीड प्रणीत ने पुरुष एकल के फाइनल में इंडोनेशिया के जोनाथन क्रिस्टी को तीन गेमों तक चले मुकाबले में 17-21, 21-18, 21-19 से पराजित किया।
प्रणीत के कैरियर का यह पहला ग्रां प्री गोल्ड खिताब है। यह मुकाबला एक घंटा और 11 मिनट तक चला। प्रणीत का यह लगातार दूसरा खिताब है। इससे पहले उन्होंने सिंगापुर ओपन खिताब अपने नाम किया था। प्रणीत जनवरी में सैयद मोदी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचे थे। हालांकि वहां उन्हें हमवतन समीर वर्मा से हार का सामना करना पड़ा था। विश्व के 24वीं वरीयता प्राप्त प्रणीत की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी।
वह पहला गेम 17-21 से हार चुके थे। इसके बाद उन्होंने शानदार वापसी करते हुए दूसरा गेम 21-18 से जीतकर स्कोर बराबर किया। तीसरा और निर्णायक गेम बेहद संघर्षपूर्ण रहा। एक-एक अंक के लिए दोनों खिलाड़ियों में जबरदस्त टक्कर हुई लेकिन अंत में बाजी प्रणीत के हाथ लगी। उन्होंने तीसरा गेम 21-19 से अपने नाम कर खिताब पर कब्जा कर लिया।