दुबई में आयोजित कबड्डी मास्टर्स चैंपियनशिप में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय कबड्डी टीम ने दक्षिण कोरिया को 36-20 से हराकर फाइनल में जगह पक्की कर ली है। दक्षिण कोरिया के खिलाफ मिली इस शानदार जीत के हीरो कप्तान अजय ठाकुर और डिफेंडर गिरीश एर्नाक रहे।
दोनों टीमों के बीच खेले गए दूसरे फाइनल मुकाबले में भारत ने शुरुआत से ही कोरियाई टीम पर बढ़त बनाए रखी। पहले हाफ के खत्म होने तक भारतीय कबड्डी टीम ने 17-10 की बढ़त बनाई और यह बढ़त दूसरे हाफ तक भी बरकरार रखी। भारतीय टीम की जीत के नायक कप्तान अजय ठाकुर रहे, उन्होंने इस रोमांचक मुकाबले में सुपर 10 हासिल किया।
कप्तान अजय का साथ रेडिंग विभाग में रिशांक देवाडिगा ने दिया और भारत को फाइनल में पहुंचाया। रेडिंग विभाग में अजय ठाकुर और रिशांक देवाडिगा का जलवा देखने को मिला, तो डिफेंस में गिरीश एर्नाक और मोहित छिल्लर का दमदार खेल का प्रदर्शन किया। गिरीश ने दमदार प्रदर्शन करते हुए हाई 5 हासिल किया।
सेमीफाइनल आसानी से जीतने वाली भारतीय टीम का सामना अब फाइनल में ईरान के साथ होगा। ईरान ने पहले सेमीफाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को पटकनी देकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की है। दोनों टीमों के बीच फाइनल में कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है।