गोल्ड कोस्ट में चल रहे 21वें कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय आर्टिस्टिक जिमनास्ट प्रणति दास और प्रणति नायक ने अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखते हुए महिलाओं की ऑल-राउंड और वॉल्ट फाइनल्स में जगह पक्की कर ली है। वहीं वर्ल्ड कप में पदक जीतने वाली भारतीय जिमनास्ट अरुणा रेड्डी फाइनल राउंड की दौड़ से बाहर हो गई हैं।
दास ने वूमेंस के ऑल-राउंड फाइनल में 21वां पायदान हासिल किया। उन्हें कुल 43.800 प्वॉइंट्स मिले। इसमें उन्होंने 12.600 प्वॉइंट्स वॉल्ट में, 9.750 अंक अनइवन बार्स में और 10.150 बैलेंस बीम में हासिल किए। इसके अलावा, उन्हें फ्लोर एक्सरसाइज में 11.300 प्वॉइंट्स मिले। वॉल्ट स्पर्धा में नायर ने 13.300 प्वॉइंट्स के साथ चौथा स्थान हासिल किया। उन्होंने पहले ही प्रयास में 13.250 प्वॉइंट्स हासिल किए और दूसरे प्रयास में 13.350 प्वॉइंट्स लिए।
बता दें कि इस साल फरवरी में जिमनास्टिक वर्ल्ड कप में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचने वाली अरुणा रेड्डी को महिलाओं की ऑल-राउंड स्पर्धा में 22वां स्थान हासिल किया। उन्हें कुल 43.500 प्वॉइंट्स मिले। महिला टीम स्पर्धा में भारत को निराशा हाथ लगी। भारत आठ देशों के साथ प्रतिस्पर्धा में सातवें स्थान पर रहा।