एशियन चैंपियनशिप के पदक विजेता गुरप्रीत सिंह और सुनील कुमार ने राष्टीय कुश्ती चैंपियनशिप के अंतिम दिन ग्रीको रोमन में स्वर्ण पदक जीते। पंजाब के गुरप्रीत (97 किग्रा) ने दो बार के जूनियर विश्व चैंपियनशिप के पदक विजेता रेलवे के साजन बनवाल को 3-1 से शिकस्त देकर चौथा राष्ट्रीय खिताब जीता। गुरप्रीत की यह साजन पर पांच मैचों में चौथी जीत है।
वहीं वॉकओवर के साथ फाइनल में पहुंचे रेलवे के सुनील ने पंजाब के प्रभपाल को 5-1 से मात दी। सेना के अर्जुन (55 किग्रा) ने अजय को 9-0 से और पंजाब के हरप्रीत सिंह (97 किग्रा) ने रेलवे के राजबीर को 4-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। रेलवे की टीम 210 अंकों के साथ शीर्ष पर रही, जबकि सर्विसेज (170) दूसरे और झारखंड (109) तीसरे स्थान पर रहे।