केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में एक लिखित जवाब में कहा कि सरकार ने स्पोर्ट्स कोटे के तहत केंद्र सरकार की नौकरियों के लिए 20 नए खेलों को शामिल किया गया है। मल्लखंब, टग ऑफ वार एंड रोल बॉल को खेल कोटे के तहत मेधावी खिलाड़ियों की नियुक्ति के लिए शामिल किया गया है।
बता दें कि कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी), भारत सरकार ने 1 सितंबर 2020 को 20 नए खेलों के एथलीटों को खेल कोटा का लाभ दिए जाने के खेल विभाग के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया था। केंद्र सरकार के कार्यालयों में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की नियुक्ति के लिए पात्र खेलों की सूची में अब खेलों की संख्या 43 से बढ़कर 63 हो गई है और इसमें मल्लखम्ब, टग ऑफ वार, रोल बाल जैसे स्वदेशी तथा पारम्परिक खेल शामिल हैं।
डीओपीटी द्वारा जारी संशोधित सूची में शामिल 20 नए खेल इस प्रकार हैं : बेसबाल, बॉडी बिल्डिंग (इसे पूर्व में जिम्नास्टिक के भाग के रूप में शामिल किया गया था।), साइक्लिंग पोलो, डीफ स्पोर्ट्स, फेंसिंग, कुडो, मल्लखम्ब, मोटरस्पोर्ट्स, नेट बाल, पैरा स्पोर्ट्स (पैरालम्पिक और पैरा एशियाई खेलों में शामिल खेल), पेनकेक सिलट, रोल बाल, रग्बी, सेपक टकरा, सॉफ्ट टेनिस, शूटिंग बाल, टेनपिन बॉलिंग, ट्राइएथलॉन, टग ऑफ वार और वुशु।