फ्रेंच फ्रॉग्स ने पहले विश्व ऑनलाइन निशानेबाजी चैंपियनशिप में स्पेनिश चानोस को हराकर शनिवार को तीसरा स्थान हासिल किया। विश्व रैंकिंग में 27वें स्थान पर काबिज फ्रांस के इतीन्ने जर्मोंड के अलावा जेड बोर्डेट और निकोल्स मोमपैच ने इस एकतरफा मुकाबले को 10-2 से अपने नाम किया। इस टूर्नामेंट में पहले 10 अंक पूरा करने वाली टीम विजेता होती है।
फ्रांस की टीम ने नौ अंक की बढ़त लेकर 10-0 से जीत दर्ज करने की कोशिश की, लेकिन स्पेन के निशानेबाजों ने दो अंक बनाकर उनके मंसूबो पर पानी फेर दिया। इस दौरान जर्मोंड ने अकेले 136.2 का स्कोर किया। फाइनल मुकाबला रविवार को ऑस्ट्रेलिया रॉक्स और इटैलियन स्टाइल के बीच खेला जाएगा। छह टीमों की इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम शीर्ष चार में जगह बनाने में सफल नहीं रही थी। भारत की ओर से टूर्नामेंट में पैरालंपिक निशानेबाजों ने भाग लिया था।