बॉक्सिंग की दुनिया में बड़ा नाम इटली के सुपर हैवीवेट बॉक्सर ओलंपिक रजत पदक विजेता फ्रांसेस्को दामियानी और दुनिया की सबसे सफल आयरिश महिला बॉक्सर कैटी टेलर के कोच, पिता पीटर टेलर ने भारतीय बॉक्सिंग से जुड़ने को आवेदन किया है।
दोनों ही बड़े नामों को भारतीय बॉक्सरों का कोच बनने के लिए आवेदन किए हुए लंबा समय हो गया है, लेकिन अब तक फैसला नहीं हो सका है। बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया इनमें से एक को हर हालत में अपने साथ जोड़ना चाहती है, लेकिन मामला एक बार फिर टल गया है।
पांच बार की वर्ल्ड चैंपियन और लंदन ओलंपिक मेडलिस्ट कैटी टेलर को तैयार करने वाले पीटर टेलर बॉक्सिंग के पॉवर हाउस आयरलैंड के लंबे समय तक कोच रह हैं। बीएफआई उन्हें युवा भारतीय बॉक्सरों को तैयार करने की जिम्मेदारी देना चाहता है, लेकिन प्रक्रिया में हो रही देरी के चलते फैसला नहीं हो सका है।
फेडरेशन ने एक अन्य आयिरश कोच दिमित्री दिमित्रक को भी रखने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन साई उनके अनुबंध को तैयार नहीं है। साई डब्ल्यूबीए सुपर हैवीवेट चैंपियन और 1984 के लॉस एंजेल्स ओलंपिक में रजत जीतने वाले दामियानी के पक्ष में है। अब उसने लंदन ओलंपिक में इटली के कोच दामियानी और पीटर टेलर से एक बार फिर बात करने का फैसला लिया है। अगले सप्ताह दोनों का फिर से इंटरव्यू होने जा रहा है।
फेडरेशन को डर हाथ से न निकल जाएं बड़े नाम
बीएफआई को डर सता रहा है कि बड़ी मुश्किल से इतने बड़े नाम देश को बॉक्सरों को कोचिंग देने को तैयार हुए हैं, लेकिन उसे लग रहा है कि जिस तरह टेबल टेनिस के दो और इंडोनेशियाई बैडमिंटन कोच अनुबंध में हुई देरी के चलते छोड़ कर दूसरे देश चले गए, कहीं ये भी उनके हाथ से न निकल जाएं। वहीं साई का मानना है कि विदेशी कोच को वेतन उन्हें देना है तो उन्हें हर बात जांचने परखने का हक है।