फॉर्मूला वन ने मंगलवार को इस साल के कैलेंडर में चार और रेस जोड़ी और साथ ही कहा कि कोरोना वायरस महामारी से प्रभावित सत्र की कुछ रेस में सीमित संख्या में प्रशंसक सर्किट पर रेस देखने पहुंच पाएंगे। नवंबर और दिसंबर में तुर्की और अबु धाबी में एक-एक जबकि बहरीन में दो रेस होंगी, जिससे सत्र की कुल रेस की संख्या 17 हो जाएगी।
विज्ञापन
तुर्की ग्रांप्री 15 नवंबर को होगी, जिसके बाद बहरीन 29 नवंबर और छह दिसंबर को दो रेस का आयोजन करेगा। सत्र का अंत 13 दिसंबर को अबु धाबी ग्रांप्री के साथ होगा। स्थगित हुई चीन ग्रांप्री का आयोजन 2020 में नहीं होगा।
फॉर्मूला वन ने बयान में कहा, 'हम पुष्टि कर सकते हैं कि 2020 के संशोधित कैलेंडर की कुछ रेस में सीमित संख्या में प्रशंसकों को आने की इजाजत होगी और चीजों को अंतिम रूप देने के लिए हम प्रमोटर के साथ बात कर रहे हैं।'