टोक्यो ओलंपिक के उद्घाटन समारोह में भारतीय वायुसेना के पांच जवान भारतीय दल का हिस्सा हैं, जो 23 जुलाई (शुक्रवार) को होने वाले इस समारोह में भाग लेंगे। भारतीय वायु सेना (आईएएफ) ने गुरुवार को बयान जारी कर इस बात की जानकारी दी। बता दें कि उद्घाटन समारोह भारतीय समय के मुताबिक शाम 4:30 बजे से शुरू होगा। बयान के मुताबिक, सर्जेंट शिवपाल सिंह, सर्जेंट नूह निर्मल टॉम, जूनियर वारंट अधिकारी दीपक कुमार और कॉर्पोरल एलेक्स एंथोनी अलग-अलग इवेंट में अपना दम दिखाएंगे।
वहीं, मास्टर वारंट अधिकारी अशोक कुमार कुश्ती इवेंट्स में रेफरी होंगे। बता दें कि अशोक कुमार पहले भारतीय रेफरी हैं जो लगातार दो ओलंपिक खेलों में रेफरी की भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा, 'भारतीय वायुसेना को टोक्यो ओलंपिक 2021 लिए भारतीय दल में पांच वायुसेना कर्मियों (चार प्रतिस्पर्धी और एक रेफरी के रूप में) के शामिल होने की घोषणा करते हुए गर्व हो रहा है। ऐसा 25 साल के अंतराल पर हो रहा है।'
ये हैं भारतीय वायुसेना के पांच जवान (खिलाड़ी)
| खिलाड़ी |
इवेंट |
| शिवपाल सिंह |
भाला फेंक |
| नूह निर्मल टॉम |
4X400 मिश्रित रिले टीम |
| दीपक कुमार |
10 मी एयर राइफल निशानेबाजी |
| एलेक्स एंथोनी |
4X400 मिश्रित रिले टीम |
| अशोक कुमार |
कुश्ती इवेंट्स में रेफरी |