रियो ओलंपिक में शनिवार को पहले दिन पिस्टल शूटर जीतू राय ने 10 मीटर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल्स में जगह बनाई लेकिन अंतिम दौर में आठवें स्थान पर पिछड़कर पदक जीतने से वंचित रह गए।
जीतू राय ने क्वालीफिकेशन राउंड में 46 निशानेबाजों के बीच छठे स्थान पर रहकर फाइनल्स के लिए क्वालीफाई किया था। इससे 31वें ओलंपिक खेलों में पहले ही दिन भारत की जीत की उम्मीदें जग गईं थी लेकिन फाइनल्स में जीतू 78.7 के स्कोर के साथ सबसे पिछड़ गए और उन्हें बिना पदक के बाहर होना पड़ा।
क्वालीफिकेशन राउंड में शीर्ष आठ में रहने वाले निशानेबाजों को फाइनल्स में जगह बनाने का मौका मिलता है। जीतू राय को अभी पचास मीटर पिस्टल में भी भाग लेना है।
इसी स्पर्धा में भारत के अन्य निशानेबाज गुरप्रीत क्वालीफिकेशन राउंड में ही बाहर हो गए थे। गुरप्रीत ने 576 का स्कोर किया था और वह बीसवें स्थान पर रहे थे। क्वालीफिकेशन में जीतू एक समय 11 वें स्थान पर पिछड़ रहे थे लेकिन उन्होंने वापसी करते हुए छठा स्थान हासिल किया। पहली दो सीरीज में उन्होंने एकसमान 96 का स्कोर किया और उसके बाद क्रमश: 98, 96, 96 और 98 स्कोर किए।
इटली के गिसिपी गिरिडानो ने क्वालीफिकेशन में पांचवां स्थान हासिल किया था। चीन के पेंग वेई (590) पहले स्थान पर रहे थे। उनसे छह अंक पीछे कोरिया के जिन जोंगोह रहे।
वहीं, पुरुष हॉकी में भारत ने आयरलैंड को 3-2 से हरा दिया है। ओलंपिक खेलों में भारत को 16 साल बाद हॉकी में पहली जीत मिली है। भारत की ओर से रुपिंदर पाल सिंह (27 और 49वें मिनट) ने दो गोल दागे जबकि रघुनाथ ने एक गोल (15वें मिनट ) किया।