पुरुष टीम के खिलाड़ी मोहम्मद राहिल ने पहले मिनट में गोल दागकर बढ़त दिलाई। इसके भारत के मंदीप ने चौथे मिनट में हॉफ लाइन से तेज शॉट लगाया, लेकिन स्विट्जरलैंड के गोलकीपर ने इसे सुरक्षित कर लिया। इसके अगले मिनट में भारत को फ्री हिट मिली और उसे गोल करने में कोई चूक नहीं की। इसके बाद स्विट्जरलैंड ने छठे मिनट में पलटवार करते हुए टीम के लिए पहला गोल किया। पहला हॉफ खत्म होने से कुछ सेकंड पहले (10वें मिनट) मोहम्मद राहिल ने बाएं कॉर्नर से अपना दूसरा गोलकर करके भारत की बढ़त 3-1 कर दी।
दूसरे हाफ के 11वें मिनट में स्विट्जरलैंड के खिलाड़ी ने तेजी दिखाई और टीम के लिए दूसरा गोल दागकर स्कोर 3-2 किया। इसके बाद 16वें मिनट में पैट्रिक ने रिवर्स फ्लिक करके स्कोर 3-3 से बराबरी पर ला दिया। मैच खत्म होने के दो मिनट पहले गुरिंदर (19वें मिनट) ने दाएं तरफ से स्विस गोलची को चमका देकर निर्णायक गोल दाग दिया। हालांकि, आखिरी मिनट में स्विट्जरलैंड ने हमला किया, लेकिन गोलकीपर पवन ने शानदार बचाव करके टीम को जीत दिलाने में अहम योगदान दिया।
दूसरी ओर, भारतीय महिला टीम की पहली भिड़ंत उरुग्वे से हुई। मैच के पहले मिनट में अजमिना ने गोल दागकर टीम को बढ़त दिला दी। उरुग्वे ने भी दूसरे मिनट में पलटवार करके स्कोर 1-1 से बराबरी पर ला दिया। मैच के छठे मिनट में उरुग्वे की स्ट्राइकर ने भारतीय गोलकीपर रजनी को छकाते हुए दूसरा गोल करेक बढ़त दिला दी। हालांकि, अगले ही मिनट में अजमिना ने पलटवार करते हुए स्कोर 2-2 से बराबरी पर ला दिया।
पहले हाफ के खत्म होने के आखिरी मिनट में उरुग्वे की कप्तान वियाना ने गोल दागकर बढ़त ले ली। दूसरे हाफ में दोनों टीमों कुछ मौके मिले, लेकिन कोई भी गोल में तब्दील नहीं कर सका। 18वें मिनट में जूनियस विश्व कप की स्टार खिलाड़ी मुमताज खान ने गोल दागकर स्कोर 3-3 कर दिया। 19वें मिनट में उरुग्वे की कप्तान वियना ने फिर से हमला बोला और स्कोर 4-3 कर दिया। इसके बाद भारतीय टीम बैकफुट पर आ गई।