सात बार के फॉर्मूला वन विश्व चैंपियन माइकल शूमाकर को पेरिस के जॉर्जेस-पोम्पिडो अस्पताल में सेल थेरेपी सर्जरी के लिए एडमिट कराया गया है। फ्रांसीसी दैनिक ले पेरिसियन के अनुसार पेरिस अस्पताल विभाग ने चिकित्सा गोपनीयता कानूनों का हवाला देते हुए इस खबर की पुष्टि करने या इनकार करने से इनकार कर दिया।
फ्रांसीसी दैनिक ले पेरिसियन के अनुसार 50 वर्षीय जर्मन रेसर हार्ट सर्जन फिलिप मेनसे की देखरेख में हैं। ले पेरिसियन की मानें तो "इलाज मंगलवार सुबह शुरू होगा और वह बुधवार को अस्पताल से डिस्चार्ज हो जाएंगे।
शुमाकर दिसंबर 2013 में एक बड़ी दुर्घटना में चोटिल हुए थे, उनका हेलमेट भी टूट गया था। तब उनकी स्थिति के बारे में थोड़ी जानकारी सार्वजनिक की गई थी। उन्हें छह महीने के लिए कोमा में रखा गया था और सितंबर 2014 में घर वापस आने से पहले उन्हें ग्रेनोबल अस्पताल से लुसाने ले जाया गया था जहां उनका निजी इलाज हुआ था।
शूमाकर ने अपना पहला विश्व खिताब 25 साल पहले जीता था और 1992 में अपना पहला ग्रां प्री जीता था। 2006 में चीन में उन्होंने अपनी आखिरी ग्रां प्री रेस जीती थी। मर्सिडीज के साथ तीन साल के करार के बाद वह 2010 में रिटायर हो गए।