फर्राटा धाविका दुती चंद ने विदेश मंत्री एस जयशंकर से यूरोपियन प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए वीजा देने की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा है कि वह इन प्रतियोगिताओं में भाग लेकर विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई करना चाहती हैं।
विश्व यूनिवर्सिटी खेलों की 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतने वाली देश की पहली महिला ट्रैक एंड फील्ड खिलाड़ी दुती को अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स फेडरेशन (आईएएएफ) से मान्यता प्राप्त 100 मीटर दौड़ की दो रेस में भाग लेना है। यह रेस 13 अगस्त को आयरलैंड और 19 अगस्त को जर्मनी में होनी हैं।
दुती ने ट्वीट किया कि मैं आयरलैंड और जर्मनी में होने वाले आईएएएफ के टूर्नामेंटों में हिस्सा लेना चाहती हूं। इसके लिए अभी वीजा नहीं मिला है। कुछ कारणों से मेरी वीजा औपचारिकताएं पूरी नहीं हो सकी हैं। जयशंकर और विदेश मंत्रालय से आग्रह करती हूं कि जितना जल्दी संभव हो हस्तक्षेप करें और प्रतियोगिताओं में भाग लेने में मेरी मदद करें।