भारत की सबसे तेज धाविका दुती चंद ने 27 सितंबर से दोहा में शुरू हो रही विश्व चैम्पियनशिप के 100 मीटर स्पर्धा में व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ फाइनल्स में जगह बनाने का लक्ष्य रखा है। दुती दोहा की परिस्थितियों से सामांजस्य बैठाने के लिए शाम में अभ्यास कर रही है। दोहा में उनकी स्पर्धा का आयोजन शाम या रात में होगा। वह आगामी प्रतियोगिता में पिछले सत्र (लंदन 2017) की नाकामी को पीछे छोड़कर शानदार प्रदर्शन करना चाहती है।
दुती ने पीटीआई-भाषा से कहा, 'मुझे दोहा में अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की उम्मीद है, यही मेरा लक्ष्य है। पिछली बार मैच सेमीफाइनल में भी नहीं पहुंच सकी थी लेकिन इस बार मेरा लक्ष्य फाइनल्स में पहुंचना है। यह हालांकि आसान नहीं होगा लेकिन अगर मैं ऐसा कर सकी तो मुझे खुशी होगी।'
लंदन विश्व चैम्पियनशिप में दुती ने 12.07 सेकेंड के समय के साथ निराशाजनक प्रदर्शन किया था और वह सेमीफाइनल में पहुंचने में नाकाम रहीं थी। दुती दोहा विश्व चैम्पियनशिप के लिए तय 11.24 सेकेंड के क्वालीफिकेशन मार्क को हासिल करने में भी नाकाम रही। उन्होंने हालांकि दोहा में अप्रैल में हुए एशियाई चैम्पियनशिप में 11.26 सेकेंड के समय के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था जो राष्ट्रीय रिकार्ड भी है।
ओडिशा की 23 साल की इस एथलीट ने कहा, 'मैं इन दिनों रात में सात से आठ बजे के बीच अभ्यास कर रही हूं, ताकि खुद को दोहा के समय के हिसाब से ढाल सकूं। मेरी तैयारी अच्छी चल रही है। देखते है दोहा में क्या होता है।'
दुती जुलाई में इटली के नपोली में आयोजित 100 मीटर की स्पर्धा को 11 मिनट 32 सेकंड में पूरा कर स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनी थी। वह इन दिनों आपने कोच एन रमेश के साथ भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में अभ्यास कर रही है। दोहा में दुती महिलाओं के 100 मीटर हिट्स में 28 सितंबर को भाग लेंगी जो स्थानीय समय के मुताबिक शाम साढ़े चार (भारतीय समय के मुताबिक शाम सात) बजे शुरू होगा। वह इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 25 सितंबर को दोहा रवाना होंगी।