फर्राटा धाविका दुती चंद ने 59वीं राष्ट्रीय ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक के साथ सत्र का समापन किया। 100 मीटर में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने वाली दुती ने 200 मीटर में 23.17 सेेकंड का समय लिया जो इस साल किसी भी भारतीय का सर्वश्रेष्ठ समय है। अर्चना सुशींद्रन (23.41 सेकंड) ने रजत जीता।
ओडिशा की दुती को चैंपियनशिप की सर्वश्रेष्ठ महिला एथलीट गोला फेंक खिलाड़ी ताजिंदरपाल सिंह तूर को सर्वश्रेष्ठ पुरुष एथलीट चुना गया। पुरुष त्रिकूद में एशियाई खेलों के चैंपियन अरपिंदर सिंह की गैरमौजूदगी में छह प्रतिभागियों ने 16 मीटर से अधिक दूरी तय की। कार्तिक उन्निकृष्णन 16.78 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ शीर्ष पर रहे।
महिलाओं की3000 मीटर स्टीपलचेज दौड़ में चिंता यादव (10:11.70सेकंड) रेलवे की अपनी साथी पारुल चौधरी को पछाड़ कर चैंपियन बनीं। रेलवे की पीयू चित्रा टूर्नामेंट में दोहरा स्वर्ण पदक जीतने वाली दूसरी खिलाड़ी रहीं। आठ सौ मीटर दौड़ में स्वर्ण जीतने वाली चित्रा 1500 मीटर में दो मिनट 04.59 सेकंड के साथ विजेता बनीं। रेलवे ओवरऑल चैंपियन, जबकि सेना दूसरे और हरियाणा तीसरे स्थान पर रहा।