- इंडियन ओपन पर कोरोना का कहर
वर्ल्ड बैडमिंटन फेडरेशन ने (बीडब्लूएफ) ने बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (बीएआई) को इंडियन ओपन सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट खाली स्टेडियम में कराने का विकल्प दिया है। फेडरेशन भी मानकर चल रही है कि अगर टूर्नामेंट होगा तो खाली स्टेडियम में ही कराना पड़ेगा। स्टेडियम में लोगों को बुलाने का जोखिम नहीं लिया जा सकता है। अगर ऐसा हुआ तो देश के इतिहास में संभवत: यह पहला मौका होगा जब खाली स्टेडियम में ख्याति प्राप्त अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट आयोजित होगा। हालांकि कोरोना वायरस को लेकर जिस तरह की स्थितियां बन पड़ी हैं। उसमें फेडरेशन के पास टूर्नामेंट को रद्द करने का विकल्प भी है।
- एशियन नौकायन चैंपियनशिप टली
एशियन नौकायन चैंपियनशिप कोरोनावायरस के कारण टाल दी गई। एशियन नौकायन महासंघ (एसीसी) ने इसकी जानकारी दी। यह चैंपियनशिप थाइलैंड के पटाया शहर में आयोजित होनी थी। टूर्नामेंट का आयोजन 26 से 29 मार्च तक होना था, लेकिन अब इसे अप्रैल तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
- पीएसजी का लीग-1 मुकाबला टला
पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसबी) और स्ट्रासबर्ग के बीच होने वाला फ्रेंच लीग-1 का मुकाबला कोरोनावायरस के कारण टाल दिया गया। फ्रेंच फुटबॉल लीग ने इसकी पुष्टि की। यह मुकाबला स्ट्रासबर्ग के घरेलू मैदान अल्सासे में होना था। यह पहला ऐसा फ्रेंच लीग मुकाबला है, जिसे कोरोना वायरस के कारण टाला गया है।
कोरोनावायरस के चलते खेल यहां के मंत्री विनसेन्जो स्पाडाफोरा ने फुटबॉल लीग सीरी-ए रद्द करने को कहा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, इटेलियन फुटबॉल फेडरेशन (एफआईसीजी) को तत्काल सीरी-ए लीग को रोक देना चाहिए।
- इंडियन वेल्स एटीपी टूर्नामेंट रद्द
अमेरिका के कैलिफोर्निया में होने वाला इंडियन वेल्स टेनिस टूर्नामेंट को भी कोरोनावायरस के चलते फिलहाल रद्द कर दिया गया है।
- ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप पर कोरोना का कहर
एच एस प्रणय सहित कई भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों ने कोरोनावायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए अगले सप्ताह होने वाली ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप से हटने का फैसला किया है। उनके अलावा चिराग शेट्टी और सत्विकसाईराज रंकीरेड्डी की दुनिया की 10वें नंबर की पुरूष जोड़ी ने भी अपने नाम वापस लिए हैं। यह सत्र का पहला विश्व टूर सुपर 1000 टूर्नामेंट है जो 11 मार्च से शुरू होना है। ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप टोक्यो 2020 क्वालीफिकेशन के लिए काफी अहम है। भारतीय बैडमिंटन संघ (बाई) के सचिव अजय सिंघानिया ने पीटीआई से कहा कि कुछ खिलाड़ियों ने बाई को लिखा और ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप से हटने के अपने फैसले के बारे में सूचित किया।
- जापान में होने वाली एशियाई पैदल चाल चैंपियनशिप रद्द
जापान में 15 मार्च को प्रस्तावित एशियाई पैदल चाल चैंपियनशिप कोरोना वायरस के संक्रमण के खतरे को देखते हुए रद्द कर दी गई है। इस स्पर्धा में 13 भारतीय खिलाड़ियों को भाग लेना था। टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालिफाई करने वाली भावना जाट को नोमि शहर में होने वाली इस स्पर्धा में भारतीय चुनौती की अगुआई करनी थी। एशियाई एथलेटिक्स महासंघ (एएए) ने जापान के महासंघ के अनुरोध पर इसे रद्द करने का फैसला किया। एएए के अध्यक्ष दहलान अल हमद ने कहा, ‘एएए परिषद से विचार-विमर्श और अनुमोदन के बाद मैं पुष्टि करता हूं कि एशियाई 20 किमी पैदल चाल चैंपियनशिप रद्द कर दी गई है।’
- कोरोना की वजह से स्थगित हुआ सुल्तान अजलान शाह हॉकी टूर्नामेंट
दिसंबर 2019 के आखिरी हफ्ते में चीन में कोरोनावायरस नामक एक बीमारी फैलनी शुरू हुई। टोक्यो ओलंपिक 2020 में संकट के बादल तो मंडरा ही रहे थे कि अब सुल्तान अजलान शाह हॉकी टूर्नामेंट को स्थगित करना पड़ा। पहले हॉकी का यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 11 से 18 अप्रैल तक होने वाला था। 29वें संस्करण की मेजबानी मलयेशिया का इपोह शहर कर रहा था, लेकिन कोरोनावायरस के खतरे के चलते अब टूर्नामेंट 24 सितंबर से 3 अक्तूबर के बीच खेला जाएगा।
- शूटिंग विश्व कप पर कोरोनावायरस का कहर
नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने चार मार्च से निकोसिया (साइप्रस) में होने वाले शॉटगन शूटिंग विश्व कप से नाम वापस ले लिया है। दुनिया के कई हिस्सों में पैर पसार रहे कोरोनावायरस के चलते भारत सरकार की ओर से जारी की गई स्वास्थ्य एडवाइजरी को ध्यान में रखते हुए एनआरएआई ने यह कदम उठाया है।
- कोरोना के चलते ओलंपिक कुश्ती क्वालिफायर रद्द
कोरोना वायरस के चलते 27 मार्च से बिश्केक (किर्गिस्तान) में होने वाले एशियाई कुश्ती ओलंपिक क्वालीफायर को रद्द कर दिया गया है। यह दूसरा मौका है जब यह क्वालिफायर रद्द किया गया है। इससे पहले यह क्वालीफायर चीन में होने था। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक किर्गिस्तान की सरकार ने कोरोना वायरस के चलते अपने देश में सभी खेल आयोजनों पर रोक लगा दी है। हालांकि भारतीय कुश्ती संघ का कहना है कि उन्हें यूडब्लूडब्लू से इस बारे में जवाब मांगा है।
- जर्मनी और पोलैंड में होने वाले ओलंपिक बैडमिंटन क्वालीफायर्स स्थगित
कोरोनावायरस के कारण जर्मन ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट तय समय के मुताबिक अगले सप्ताह नहीं हो पाया। वहीं, पोलिश ओपन को स्थगित कर दिया गया है। ये दोनों ओलंपिक क्वालिफाइंग प्रतियोगिता थी। विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) ने कहा कि अभी यह तय नहीं किया गया है कि पूर्व कार्यक्रम के अनुसार तीन से आठ मार्च के बीच होने वाले जर्मन ओपन को स्थगित या रद्द कर दिया जाएगा। पोलिश ओपन के लिए नई तिथियां मांगी जा रही हैं, जिसका आयोजन पूर्व कार्यक्रम के अनुसार 26 से 29 मार्च के बीच होना था। लेकिन अब ये प्रतियोगिताएं टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाईंग अवधि में नहीं आ पाएंगी। बयान में कहा गया है कि बीडब्ल्यूएफ कोरोना वायरस के आधिकारिक अपडेट पर लगातार निगरानी रख रहा है और अभी एचएसबीसी बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर या बीडब्ल्यूएफ से मान्यता प्राप्त अन्य टूर्नामेंट में बदलाव करने का कोई इरादा नहीं है।
- मई तक काबू में नहीं आया कोरोना तो टोक्यो ओलंपिक हो सकता है रद्द
जानलेवा कोरोनावायरस का संकट अब टोक्यो ओलंपिक 2020 पर भी गहराने लगा है। जानकारी के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के एक वरिष्ठ सदस्य ने बताया है कि अगर मई अंत तक कोरोनावायरस पर काबू नहीं पाया जाता है तो ओलंपिक खेल रद्द किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा ऐसी स्थिति में ओलंपिक खेल का समय नहीं बदला जाएगा न ही इन्हें स्थगित किया जाएगा, बल्कि खेल रद्द कर दिए जाएंगे।
- टेबल टेनिस विश्व टीम चैंपियनशिप स्थगित
टेबल टेनिस विश्व टीम चैंपियनशिप कोरोना वायरस मामलों के कारण स्थगित कर दी गई है। यह चैंपियनशिप अगले महीने दक्षिण कोरिया के शहर बुसान में आयोजित की जानी थी। अंतरराष्ट्रीय टेबल टेनिस महासंघ (आईटीटीएफ) ने कहा कि 22 से 29 मार्च को होने वाली यह प्रतियोगिता अब 21 से 28 जून के बीच हो सकती है।
- दक्षिण कोरिया की के-लीग फुटबाल भी स्थगित
कोरोना वायरस के चलते खेल के कई कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। अब दक्षिण कोरिया भी इस वायरस के चपेट में आ गया है। दक्षिण कोरिया इसके बढ़ते मामलों को देखते हुए नया फुटबॉल सीजन रद्द कर दिया।
- संतोष ट्रॉफी फुटबॉल का फाइनल राउंड स्थगित
मिजोरम की राजधानी आइजोल में आयोजित होने वाले हीरो संतोष ट्रॉफी 2019-20 के फाइनल राउंड को कोरोना वायरस के प्रकोप के मद्देनजर टाल दिया गया है। सरकार द्वारा COVID-19 के संबंध में परामर्श जारी होने के बाद यह निर्णय लिया गया। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने चैंपियनशिप के अंतिम दौर के लिए क्वालीफाई करने वाले सभी राज्य संघों को इस निर्णय की जानकारी दी है।
इन पर पड़ा कोरोना का असर
- कोरोनावायरस के कारण बार्सिलोना-नापोली चैंपियंस लीग का निर्णायक मुकाबला दर्शकों के बिना खेला जाएगा।
- कोरोनावायरस के चलते जापान ओपन 2020 को स्थगित कर दिया गया है।
- जूडो ओलंपिक क्वालीफायर पर भी कोरोनावायरस का कहर है।