विश्व जूनियर चैंपियन रोनाल्डो की शानदार फॉर्म का सिलसिला इंदिरा गांधी वेलड्रोम में शुरू हुई एशिया ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप में भी जारी है। चैंपियनशिप के पहले दिन रोनाल्डो के दो स्वर्ण पदक समेत भारत ने चार स्वर्ण चार रजत और चार कांस्य पदक जीते। रोनाल्डो ने पहले टीम स्प्रिंट और बाद में एक किलोमीटर टाइम ट्रायल में गोल्ड जीता।
लड़कियों की जूनियर टीम स्प्रिंट में त्रिशा और निकिता ने 35.8 सेकेंड का समय निकालते हुए स्वर्ण जीता। सीनियर वर्ग की इसी इवेंट में डिबोरा और एलीना रेजी ने 35.9 सेकेंड के साथ कांस्य जीता। डिबोरा का कहना है कि वह नई इवेंट में ओमनियम में जा रही हैं, जिसके चलते उन्होंने स्प्रिंट में कुछ माह से प्रैक्टिस नहीं की थी। बावजूद इसके उन्होंने यहां कांस्य जीता।
रोजित सिंह, रोनाल्डो और पॉल कालिंगवुड ने टीम स्प्रिंट में 46.33 सेकेंड के साथ गोल्ड जीता। इसके बाद एक किलोमीटर टाइम ट्रायल में रोनाल्डो ने 1.03.33 मिनट के साथ स्वर्ण जीता। भारतीय महिलाओं ने चार किलोमीटर टीम परस्यूट में भी स्वर्ण जीता।
ज्यादा राशि के चलते नहीं हुए डोप सैंपल
एनडीटीएल पर प्रतिबंध के बाद दोहा लैब से टेस्टिंग कराए जाने पर डोप सैंपलों का खर्च बढ़ गया है। पहले अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में एक सैंपल का खर्च पांच हजार रुपये आता था, लेकिन जब साइकिलिंग फेडरेशन ने नाडा से इस चैंपियनशिप में सैंपल करने को कहा तो उन्होंने प्रति सैंपल 12 से 15 हजार का खर्च बताया गया। फेडरेशन यह खर्च उठाने की स्थिति में नहीं थी। उन्होंने इस बारे में अंतरराष्ट्रीय संस्था यूसीआई को बताया। यूसीआई ने चैंपियनशिप में डोप सैंपल नहीं कराने की छूट सीएफआई को दे दी।