दुनिया की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी दीपिका कुमारी टोक्यो ओलंपिक खेल परीक्षण प्रतियोगिता के महिला रिकर्व क्वालिफाइंग राउंड में चौथे स्थान पर रही। दीपिका ने संभावित 720 अंकों में से 668 अंक हासिल करके नॉकआउट में जगह बनाई। पुरुष वर्ग में अतनु दास 19वें स्थान पर रहे।
दीपिका के प्रभावशाली प्रदर्शन से भारत ने पहली बार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन कर रहे युमेनोशिमा तीरंदाजी मैदान पर मिश्रित युगल में चौथा स्थान हासिल किया। दीपिका और अतनु की भारतीय जोड़ी अब कोलंबिया की 13वीं रैंकिंग की जोड़ी डेनियल फिलिप पिनेडा और अन्ना मारिया रेंडन से भिड़ेगी।
इस प्रतियोगिता में जो अन्य भारतीय हिस्सा ले रहे हैं उनमें लैशराम बोंबायला देवी और कोमालिका बारी को महिला वर्ग में क्रमश: 11वें और 48वें रैंकिंग दी गई है। पुरुष वर्ग में प्रवीण जाधव को 30वीं और तरुणदीप राय 52वीं रैंकिंग मिली है।