चेक गणराज्य के बीच वालीबॉल के खिलाड़ी ओंद्रेज पेरूसिच ओलंपिक खेल गांव में तीसरे ऐसे खिलाड़ी हैं जो कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। इससे पहले रविवार को दक्षिण अफ्रीका के दो फुटबॉलरों का परीक्षण पॉजिटिव पाया गया था।
चेक गणराज्य के ओलंपिक दल में संक्रमण का यह दूसरा मामला है। चेक गणराज्य की ओलंपिक टीम के आधिकारिक ट्विटर हैंडल के अनुसार, ‘सभी तरह के एहतियात बरतने के बावजूद बीच वालीबॉल के खिलाड़ी ओंद्रेज पेरूसिच कोविड-19 से संक्रमित पाए गए हैं। अभी उनमें कोई लक्षण नहीं दिख रहे हैं और नियमों के अनुसार उन्हें क्वारंटीन कर दिया गया है।’
दल प्रमुख मार्टिन डॉक्टर के अनुसार खेल गांव में रविवार को परीक्षण के दौरान उनका सैंपल पॉजिटिव पाया गया। डॉक्टर ने कहा, ‘उनमें बीमारी का कोई लक्षण नहीं है हालांकि पीसीआर विश्लेषण में एंटीजन परीक्षण के परिणाम की पुष्टि हुई है।’
रविवार को दक्षिण अफ्रीका के फुटबॉलरों ताबिसो मोनयाने और कामोहेलो माहलात्सी तथा वीडियो विश्लेषक मारियो माशा का परीक्षण पॉजिटिव आया था। मोनयाने और माहलात्सी खेल गांव में रह रहे थे।