21वें कॉमनवेल्थ गेम्स के चौथे दिन रविवार को भारत को एक और स्वर्णिम सफलता मिली। महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में भारत की मनु भाकर ने गोल्ड मेडल जीता। आखिरी शॉट में भाकर ने 10.4 अंक हासिल करके गोल्ड मेडल हासिल कर लिया है।
वहीं, सिल्वर मेडल हीना सिद्धू ने जीत लिया है। मुकाबले में 16 साल की मनु ने रिकॉर्ड कुल 240.9 अंकों से साथ गोल्ड पर कब्जा किया, जबकि हीना 234.0 अंकों के साथ सिल्वर मेडल जीता। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के ऐलेना गालीबॉविच को ब्रॉन्ज मेडल से ही संतोष करना पड़ा। हीना के कॉमनवेल्थ गेम्स 2018 में सिल्वर मेडल जीतने पर उसकी रोमिंदर कौर सिद्धू ने कहा, 'मैं बहुत खुश हूं। मेरी बेटी ने मेरे शहर और पूरे देश को गौरवान्वित कराया है।
बता दें कि कॉमनवेल्थ में अब तक भारत ने कुल छह गोल्ड जीते हैं। इनमें से 5 गोल्ड भारत को वेटलिफ्टिंग में मिले हैं। अब तक मिले छह गोल्ड में से 3 गोल्ड मेडल महिला वेटलिफ्टर्स और एक गोल्ड शूटर पूनम यादव ने जीते हैं। इसके अलावा तीसरे दिन भारत के ही वेंकट राहुल रगला और सतीश शिवलिंगम ने वेटलिफ्टिंग में गोल्ड जीता था। इससे पहले खेल के पहले दिन भारत की महिला वेटलिफ्टर मीराबाई चानू और दूसरे दिन संजीता चानू ने भी गोल्ड जीता था।