रियो पैरालंपिक की ऊंची कूद स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले मरियप्पन थांगावेलू और कांस्य पदक विजेता वरुण सिंह भाटी को देशभर से बधाइयां मिल रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन तक हर आम और खास उन्हें बधाई दे रहा है। इसके अलावा इनके लिए इनाम की घोषणा भी होने लगी है।मरियप्पन थांगावेलू तमिलनाडु के सीलम जिले के रहने वाले हैं। थांगावेलू को बधाई देते हुए तमिलनाडु की मुख्यमंत्री ने उन्हें बतौर पुरस्कार 2 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है। रियो रवाना होने से पहले ही केंद्र सरकार ने स्वर्ण जीतने वाले को 75 लाख, रजत के लिए 50 लाख और कांस्य पदक जीतने वाले को 30 लाख रुपये देने की घोषणा की थी। इसके अनुसार थांगावेलू को 75 लाख रुपये केंद्र सरकार की ओर से मिलेंगे।