मंगलवार को अंतिम तिथि तक 42 देशों के 280 शूटरों और 101 अधिकारियों की एंट्री आ चुकी है। इनमें पाकिस्तान का एकमात्र स्कीट शूटर उस्मान चांद शामिल है। एनआरएआई का दावा है कि वीजा के लिए पाक शूटर को विदेश मंत्रालय की मंजूरी मिल चुकी है। गृह मंत्रालय की मंजूरी बाकी है। मंजूरी मिलते ही पाक शूटर को वीजा जारी हो जाएगा।
25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल में हरियाणा के अनीष भानवाला ट्रायल में पिछड़ने के बावजूद खेलेंगे। इसकी कीमत टीम में मौजूद अर्पित गोयल को चुकानी होगी। ओलंपिक कोटा हासिल कर चुके शूटरों के बाद रैंकिंग में सबसे ऊपर होने के कारण अनीष को टोक्यो ओलंपिक का सीधे कोटा मिल रहा है। दिल्ली में नहीं खेलने पर उन्हें यह कोटा नहीं मिलेगा। जिसके चलते वह मुख्य टीम में और अर्पित बतौर एमक्यूएस शूटर (पदक में दावेदारी नहीं) खेलेंगे। विश्व कप के लिए 35 सदस्यीय भारतीय शूटिंग टीम चुनी गई है।