फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Commonwealth Games Day: कॉमनवेल्थ गेम्स डे पर फिट इंडिया साइक्लिंग अभियान, दिल्ली-गुजरात में जुटे हजारों युवा

Sun, 24 May 2026 10:39 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद

सार

कॉमनवेल्थ गेम्स डे के अवसर पर आयोजित ‘संडेज ऑन साइकिल’ अभियान के 75वें संस्करण में दिल्ली और गुजरात में भारी उत्साह देखने को मिला। केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया, आयुष्मान खुराना, गगन नारंग और अन्य हस्तियों ने युवाओं को फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। यह अभियान फिट इंडिया मूवमेंट को जनआंदोलन बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
विज्ञापन
कॉमनवेल्थ गेम्स डे - फोटो : IANS
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कॉमनवेल्थ गेम्स डे के मौके पर रविवार को देशभर में फिट इंडिया मूवमेंट के तहत आयोजित ‘संडेज ऑन साइकिल’ अभियान का 75वां संस्करण बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। दिल्ली और गुजरात में हुए इस विशेष आयोजन में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया, गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी, ओलंपिक पदक विजेता गगन नारंग, हॉकी खिलाड़ी गुरजीत कौर और अभिनेता आयुष्मान खुराना समेत हजारों युवाओं ने हिस्सा लिया। अहमदाबाद में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और फिटनेस व स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
विज्ञापन

कॉमनवेल्थ गेम्स और फिट इंडिया का खास संगम
केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि यह आयोजन इसलिए भी खास है क्योंकि यह कॉमनवेल्थ गेम्स डे और ‘संडेज ऑन साइकिल’ अभियान के 75वें संस्करण के साथ आयोजित किया गया। उन्होंने कहा, 'कॉमनवेल्थ गेम्स डे है और संडेज ऑन साइकिल का 75वां संस्करण भी। भारत कॉमनवेल्थ का मेजबान देश है और अहमदाबाद मेजबान शहर है। इस अवसर पर हजारों युवाओं ने भाग लिया है। इस अभियान के जरिए युवाओं को खेल, फिटनेस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन बचाओ अभियान से जोड़ा गया है।' उन्होंने आगे कहा, 'गुजरात 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी की तैयारी कर रहा है। ऐसे में यह आयोजन और भी महत्वपूर्ण हो जाता है।'

आयुष्मान खुराना और गगन नारंग ने बढ़ाया उत्साह
अभिनेता आयुष्मान खुराना ने भी साइक्लिंग अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई और युवाओं के साथ साइकिल चलाकर फिटनेस का संदेश दिया। ओलंपिक पदक विजेता गगन नारंग ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा, 'मैं अब अहमदाबाद में रह रहा हूं और मुझे लगता है कि यह बहुत अच्छी पहल है। ‘संडेज ऑन साइकिल’ का 75वां संस्करण फिट इंडिया मूवमेंट के तहत चलाया जा रहा है और यह बेहद शानदार प्रयास है।' उन्होंने कहा, 'मनसुख मांडविया ने फिट इंडिया मूवमेंट और खेलो इंडिया को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के साथ जोड़कर एक बड़ा जनआंदोलन बना दिया है। सुबह पांच बजे इतनी बड़ी संख्या में लोगों का जुटना इस उत्साह को दर्शाता है।'
विज्ञापन

युवाओं को फिटनेस अपनाने की अपील
ओलंपिक कांस्य पदक विजेता हॉकी खिलाड़ी गुरजीत कौर ने भी युवाओं को हर रविवार साइकिल चलाने की सलाह दी। उन्होंने कहा, 'अहमदाबाद आकर फिट इंडिया मूवमेंट के इस साइक्लिंग कार्यक्रम में हिस्सा लेकर अच्छा लग रहा है। बड़ी संख्या में युवा भाग ले रहे हैं और सभी काफी उत्साहित हैं। मैं सभी से कहना चाहती हूं कि हर रविवार साइकिल जरूर चलाएं।' दिल्ली में भी इस अभियान का आयोजन किया गया, जिसमें मंत्री आशीष सूद शामिल हुए। उन्होंने फिट इंडिया अभियान को केंद्र सरकार की अनूठी पहल बताया। आशीष सूद ने कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार फिटनेस पर जोर देते रहे हैं। उनका संदेश है कि डॉक्टर के पास जाने से पहले लोगों को साइकिल जरूर चलानी चाहिए।'
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें