फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gukesh vs Carlsen: कार्लसन को महंगी पड़ गई एक गलत चाल, जीएम थिप्से ने कहा- मैग्नस को ऐसी गलती करते नहीं देखा

Tue, 03 Jun 2025 08:30 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, स्टावेंजर (नॉर्वे)

सार

गुकेश ने कार्लसन को चौंकाते हुए क्लासिकल शतरंज में उन पर पहली जीत दर्ज की। सफेद मोहरों के साथ खेल रहे कार्लसन ने अधिकांश समय मैच में इसका फायदा उठाया और लगातार दबाव बनाया, लेकिन गुकेश ने जबरदस्त वापसी की और कार्लसन को उनके घर पर हरा दिया।
विज्ञापन
कार्लसन-गुकेश - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

विश्व नंबर एक मैग्नस कार्लसन को विश्व चैंपियन डी गुकेश के खिलाफ एक गलत चाल महंगी पड़ गई। यह गलती उन्होंने 39वीं चाल में उस वक्त की जब वह जीतने के करीब पहुंच गए थे। भारतीय ग्रैंडमास्टर प्रवीण थिप्से का मानना है कि उन्होंने कार्लसन को ऐसी गलती करते पहले कभी नहीं देखा। थिप्से ने कहा, 'मैं खुद हैरान हूं कि काले मोहरों से लगभग जीती हुई बाजी के बावजूद कार्लसन ने अपने किंग को आगे निकाला, जिससे गुकेश के दोनों हाथी खुलकर सामने आ गए। उन्हें किंग को आगे निकालने की बजाय अपने बिशप को पीछे लेकर जाना चाहिए था।'
विज्ञापन

थिप्से ने कहा, 'अगर वह ऐसा करते तो कुछ चालों बाद जीत जाते। कार्लसन की निराशा बताती है कि उन्होंने कितनी बड़ी गलती की, जिससे उन्हें पहली बार गुकेश के हाथों हारना पड़ा। थिप्से ने कहा, दोनों ही खिलाडि़यों ने टुकड़ों में जबरदस्त शतरंज खेली। कुछ मौकों पर दोनों ने ही सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाया तो कुछ ऐसी गलतियां कीं, जिसकी दोनों से उम्मीद नहीं की जाती है। गुकेश की जीत में उनकी जुझारू क्षमता ने भी भूमिका निभाई।'

पीएम ने कार्लसन पर जीत के लिए गुकेश को दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डी गुकेश को मैग्नस कार्लसन पर जीत के लिए बधाई दी। पीएम ने कहा, 'यह गुकेश की विशेष उपलब्धि है। सर्वश्रेष्ठ पर विजय पाने के लिए उन्हें बधाई। नॉर्वे शतरंज के छठे दौर में कार्लसन पर जीत उनकी प्रतिभा और समर्पण को दर्शाती है।'
पीएम ने उलानबटोर ओपन रैंकिंग कुश्ती में 6 स्वर्ण समेत 21 पदक जीतने पर कुश्ती टीम को भी बधाई दी। उन्होंने कहा हमारी नारी शिक्त ने रैंकिंग सीरीज में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से इस पल को यादगार बना दिया।
विज्ञापन

गुकेश ने कार्लसन को चौंकाया, लिया बदला
गुकेश ने कार्लसन को चौंकाते हुए क्लासिकल शतरंज में उन पर पहली जीत दर्ज की। सफेद मोहरों के साथ खेल रहे कार्लसन ने अधिकांश समय मैच में इसका फायदा उठाया और लगातार दबाव बनाया, लेकिन गुकेश ने जरूरत पड़ने पर सावधानी पूर्वक खेल खेला और फिर कार्लसन पर अटैक किया। जैसे जैसे कार्लसन पर समय से चाल चलने का दबाव बढ़ता गया, कार्लसन ने गलतियां कीं और इसने गुकेश को वापसी का मौका दिया।

गुकेश ने बिना किसी हिचकिचाहट के अपने सारी स्किल को मैच में झोंक दिया और जीत दर्ज की। मैच के बाद गुकेश ने कहा- मैं बहुत कुछ नहीं कर सकता था। मुझे बस इसका अधिकतम लाभ उठाना था। मैं ऐसे कदम उठा रहा था जो कार्लसन के लिए मुश्किल थे और सौभाग्य से चालें सही साबित हुईं। इस टूर्नामेंट से मैंने एक बात सीखी है कि समय से चाल चलने का दबाव आपको गलती करने पर मजबूर कर सकता है। दोनों के बीच टूर्नामेंट के पहले दौर में भिड़ंत हुई थी, जहां कार्लसन ने अपने ट्रेडमार्क चालों से जीत हासिल की थी। इस बार, हालांकि, गुकेश ने बाजी मारी और पिछली हार का बदला ले लिया। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें