इंडिया ओपन की स्वर्ण पदक विजेता नीरज (57 किग्रा) ने रूस के कासपियस्क में चल रही मागोमेद सलाम उमाखानोव मेमोरियल मुक्केबाजी चैंपियनशिप में 2016 की विश्व चैंपियन एलेसिया मेसियानो पर सनसनीखेज जीत के साथ फाइनल में प्रवेश कर लिया।
स्ट्रांजा मेमोरियल की कांस्य पदक विजेता हरियाणावी मुक्केबाज ने सेमीफाइनल में मेसियानो को करीबी मुकाबले में 3-2 से मात देकर रजत पदक पक्का कर लिया। दोनों मुक्केबाजों के कड़ा मुकाबला हुआ।
भारतीय मुक्केबाज ने अंतिम दौर में दमदार प्रदर्शन करते हुए खिताब मुकाबले में प्रवेश किया। नीरज के अलावा तीन अन्य मुहिला मुक्केबाज विजेता पूजा रानी (75 किग्रा), लवलीना बोरगोहेन (69 किग्रा) और जॉनी (60 किलो) सेमीफाइनल में पहुंची हैं।
गौरव और गोविंद ने भी पक्का किया पदक
राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता गौरव सोलंकी (56 किग्रा) और 2019 इंडिया ओपन के उपविजेता गोविंद साहनी (49 किग्रा) ने सेमीफाइनल में पहुंचकर पदक पक्के कर लिए।
गौरव ने रूस के माकसिम चेरनीशेव को 3-2 से हराया। रूसी प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ गौरव शुरू में सतर्क होकर खेले लेकिन बाद में उन्होंने आक्रामक होकर लगातार मुक्के जड़कर जीत हासिल की। गोविंद ने तजाकिस्तान के शेरमुखाम्मद रूस्तामोव को मात दी।
गोविंद ने शुरू से ही दबदबा बनाया और पूरे मैच के दौरान आक्रामकता से खेलते रहे जिससे रेफरी ने विपक्षी मुक्केबाज को देखते हुए तीसरे दौर में मुकाबला रोक दिया। आशीष इंशा (52 किग्रा) को क्वार्टर फाइनल में रूस के इस्लामितदिन अलीसोलतानोव के हाथों 1-4 से हार मिली।