बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (बीएफआई) ओलंपिक क्वालिफायर के लिए छह बार की विश्व विजेता एमसी मैरीकॉम और निखत जरीन के बीच ट्रायल कराने के पक्ष में है। चयन समिति और फेडरेशन ने इस फैसले से अपने अध्यक्ष अजय सिंह को अवगत कराने का फैसला ले लिया है। साथ ही इस बारे में मैरीकॉम से भी बात की जाएगी।
मैरी और निखत के बीच ट्रायल के मामले ने जबरदस्त तरीके से तूल पकड़ लिया है। मामला खेल मंत्रालय और साई के पास पहुंच चुका है। इस मुद्दे पर फेडरेशन, मंत्रालय और साई की बातचीत भी हुई है, जिसमें सर्वसम्मति से फैसला हुआ है कि दोनों बॉक्सरों के बीच ट्रायल कराना ठीक रहेगा। यह ट्रायल से 27 से 30 दिसंबर तक आयोजित कराया जाएगा। ट्रायल की आधिकारिक घोषणा जल्द कर दी जाएगी।
फेडरेशन और विदेशी कोच की हुई बातचीत में यह साफ किया गया कि मैरीकॉम ने कभी भी ट्रायल देने से इंकार नहीं किया, लेकिन अध्यक्ष अजय सिंह की यह निजी राय थी कि विश्व चैंपियनशिप के प्रदर्शन को देखते हुए पदक विजेताओं का ट्रायल आयोजित नहीं किए जाए।
मैरी ने विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था। अजय सिंह के इस बयान के बाद ही निखत जरीन ने मोर्चा खोल दिया। विवाद के चलते ही फेडरेशन को इस मुद्दे पर बैठक बुलानी पड़ी जिसमें ट्रायल कराने का फैसला लिया गया।