पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के समुंदरी कस्बे के एक स्थानीय क्लब में रविवार को स्नूकर खेलते मोहम्मद इकराम। इकराम बिना क्यू स्टिक के खेलते हैं और वह गेंद (क्यू बॉल) को अपनी ठोड़ी से मारते हैं। उन्हें इसमें महारत हासिल है। इकराम ने कहा कि भगवान ने मुझे हाथ नहीं दिए हैं लेकिन वह जज्बा दिया है जिसका प्रयोग करते हुए मैं अपने सपनों को पूरा कर सकता हूं।
बिना हाथों के जन्मे इकराम ने पहली बार दस साल की उम्र में पूल टेबल पर खेल खेला था। तभी से यह खेल उनके दिमाग में बस गया और वह इसे बिना हाथों के भी हमेशा जारी रखना चाहते थे। इकराम इसी क्लब में ही खेलते हैं। उन्होंने तीन स्थानीय प्रतियोगिताएं भी जीती हैं। इकराम कहते हैं कि मैं ऐसे बहुत से स्नूकर खिलाड़ियों से मिला हूं जो कहते हैं कि मैं बहुत अच्छा खेलता हूं और मैं इससे पाकिस्तान के लिए बहुत अच्छा कर सकता हूं। मैं उम्मीद करता हूं कि मैं देश के बाहर जाकर बाकी लोगों के सामने भी खेल सकूं। स्नूकर पैरालंपिक खेलों का हिस्सा था लेकिन उसे 1988 में इससे बाहर कर दिया गया।