रोहित कुमार के दमदार ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत बेंगलुरु बुल्स ने सोमवार को प्रो कबड्डी लीग सीजन-6 के पहले क्वालिफायर में गुजरात फॉर्च्यूनजायंट्स को 41-29 से मात देकर फाइनल्स में जगह पक्की कर ली है।
पवन सेहरावत ने अपना शानदार फॉर्म जारी रखा और 13 रेड प्वांइट्स के साथ बेंगलुरु बुल्स के सर्वश्रेष्ठ स्कोरर रहे। कप्तान रोहित कुमार ने राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम में 11 अंक हासिल किए।
गुजरात फॉर्च्यूनजायंट्स के सचिन ने एक बार फिर सुपर-10 पूरा किया। उन्हें प्रपंजन ने उपयोगी साथ दिया और पांच रेड अंक हासिल किए। बेंगलुरु बुल्स ने जहां फाइनल के लिए क्वालिफाई किया, वहीं गुजरात के पास भी फाइनल्स में पहुंचने का एक और मौका है। गुजरात अब यूपी योद्धा और दबंग दिल्ली के बीच होने वाले एलिमिनेटर मुकाबले की विजेता के खिलाफ दूसरे क्वालिफायर में खेलेगा।
पवन ने दूसरे मिनट में रेड प्वाइंट हासिल करके बेंगलुरु का खाता खोला, लेकिन सचिन ने गुजरात के लिए दो अंक हासिल करके अपनी टीम को बढ़त दिला दी। सचिन ने शुरुआती मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात की बढ़त बरकरार रखी। सात मिनट के खेल के बाद दोनों टीमों का स्कोर 7-7 से बराबर था। पहले हाफ की समाप्ति पर गुजरात की टीम 14-13 की बढ़त पर थी।
दूसरे हाफ में बेंगलुरु ने गजब की वापसी की और गुजरात पर पूरी तरह दबाव बना दिया। देखते ही देखते 39वें मिनट में बेंगलुरु ने गुजरात को ऑलआउट भी किया और बड़े अंतर से जीत दर्ज करते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की की।