भारत के स्टार पहलवान बजरंग पूनिया ने रोम रैंकिंग सीरीज प्रतियोगिता के 65 किग्रा फ्रीस्टाइल वर्ग के फाइनल में जगह बना ली है। इसी के साथ उन्होंने कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है। शनिवार को हुए मुकाबले में बजरंग को पहले दौर में अमेरिका के जैन एलेन रदरफोर्ड की चुनौती का सामना करना पड़ा, हालांकि वह 5-4 से जीत दर्ज करने में सफल रहे।
इसके बाद क्वार्टरफाइनल में पूनिया ने अमेरिका के जोसफ क्रिस्टोफर मैक केना को 4-2 से शिकस्त दी और फिर सेमीफाइनल में यूक्रेन के वासिल शुपतार को 6-4 से हराया। बजरंग का सामना अब शनिवार रात को फाइनल में अमेरिका के पहलवान जोर्डन माइकल ओलिवर से होगा।
पूनिया के अलावा जितेंदर का 74 किग्रा में और विश्व चैम्पियनशिप के रजत पदकधारी दीपक पूनिया का 86 किग्रा वर्ग में अभियान समाप्त हो गया। जितेंदर को क्वार्टरफाइनल में तुर्की के सोनेर देमिरतास से 0-4 से हार का सामना करना पड़ा वहीं 86 किग्रा वर्ग में दीपक को शुरूआती दौर में ही पुअर्तो रिको के इथान एड्रियन रामो से 1-11 से शिकस्त का सामना करना पड़ा।
अन्य मुकाबले में रवि कुमार दहिया ने 61 किग्रा वर्ग के अपने दोनों दौर जीत लिये हैं। उन्होंने पहले मोलदोवा के एलेक्सांद्रू चिरतोआका और कजाखस्तान के नूरीस्लाम सानायेव को मात दी।