भारतीय स्टार पहलवान बजरंग पूनिया रविवार को रोम में चल रहे माटियो पैलिकोन रैंकिंग कुश्ती सीरीज में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। पुरूष 65 किग्रा स्पर्धा के फाइनल में पूनिया ने मंगोलिया के पहलवान तुल्गा तुमुर ओचिर को हराया। इससे पहले सेमीफाइनल में बजरंग को अमेरिका के जोसफ क्रिस्टोफर मैक केना से कड़ी चुनौती मिली लेकिन वह 6-3 से जीत दर्ज करने में सफल रहे। वहीं, क्वार्टरफाइनल में बजरंग ने तुर्की के पूर्व कैडेट विश्व चैम्पियन सेलिम कोजान को 7-0 से हराया था। कोजान ने कई हमले किए लेकिन भारतीय पहलवान ने अच्छा बचाव किया।