फार्मूला वन के सभी ड्राइवरों ने सत्र की पहली रेस आस्ट्रियाई ग्रां प्री से पहले रविवार को उन टी शर्ट को पहना जिन पर ‘एंड रेसिज्म’ यानि नस्लवाद को खत्म करो लिखा था। हालांकि 20 में से छह ड्राइवर सांकेतिक समर्थन के लिए घुटना टेककर नहीं बैठे।
फार्मूला वन में एकमात्र अश्वेत ड्राइवर विश्व चैंपियन लुईस हैमिल्टन अकेले ऐसे ड्राइवर थे जिन्होंने ऐसी टी शर्ट पहनी थी जिस पर आगे की तरफ ‘ब्लैक लाइव्स मैटर्स’ लिखा था और पीछे ‘एंड रेसिज्म’ यानि नस्लवाद खत्म करो लिखा था।
अमेरिका में अफ्रीकी मूल के अश्वेत जार्ज फ्लॉयड की एक पुलिस अधिकारी के हाथों मौत के बाद विश्व भर में नस्लवाद के खिलाफ ‘ब्लैक लाइव्स मैटर्स’ अभियान चला है। हैमिल्टन शुरू से ही इसका समर्थन करते रहे हैं।