भारत ए महिला टीम को तीसरे और अंतिम मैच में ऑस्ट्रेलिया ए के हाथों सोमवार को तीन विकेट से शिकस्त का सामना करना पड़ा। मेजबान टीम ने तीन अनधिकृत वनडे मैचों की सीरीज 2-1 से जीती।
भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट 35 रन पर गंवा दिए थे लेकिन कप्तान वेदा कृष्णामूर्ति के 35 और निचले क्रम में अरुधंति रेड्डी के 45 रन की बदौलत उसने नौ विकेट पर 176 रन बनाए। मनाली दक्षिणी ने 23 और डी हेमलता ने 20 रनों का योगदान दिया। ऑस्ट्रेलियाई टीम की तरफ से मोली स्ट्रानो ने तीन जबकि अन्नाबेल सदरलैंड और कप्तान टालिया मैकग्रा ने दो-दो विकेट लिए।
ऑस्ट्रेलिया ए ने 39.3 ओवर में सात विकेट पर 177 रन बनाकर 63 गेंद शेष रहते हुए आसान जीत दर्ज की। एरिन बर्न्स ने नाबाद 53 और ओपनर जार्जिया रेडीमेन ने 41 रन बनाए। भारत की ओर से हेमलता ने तीन और डीपी कंवर ने दो विकेट लिए। दोनों टीमों के बीच अब 19 दिसंबर से तीन टी20 मैचों की सीरीज खेली जाएगी।